दरअसल, तब न्यूजीलैंड ने भारत को 240 रन का लक्ष्य दिया था। भारत ने 92 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद एमएस धोनी और रवींद्र जडेजा ने 116 रन की साझेदारी निभाई थी। जडेजा सातवें विकेट के रूप में आउट हुए थे। वह 59 गेंदों में चार चौके और चार छक्के की मदद से 77 रन बना सके थे। हालांकि, उनके विकेट ने तब टीम इंडिया को मझधार में छोड़ दिया था। इस विकेट से टीम इंडिया उबर नहीं सकी थी और लगातार विकेट गंवा दिए थे। भारतीय टीम 221 रन पर सिमट गई थी और 18 रन से हार गई थी।
हालांकि, इस बार जडेजा ने वैसी गलती नहीं की और संभल संभल कर खेला। जो काम उन्होंने 2019 में अधूरा छोड़ दिया था, इस बार उन्होंने उसे पूरा किया। जडेजा ने विराट कोहली का पूरा साथ दिया और यह तय किया भारतीय टीम इस मैच को हारे नहीं। कोहली के साथ रहते हुए आक्रामक होकर शॉट लगाने की जगह स्ट्राइक रोटेट करने पर ध्यान दिया और कोहली के आउट होने के बाद जडेजा ने चौका मारकर जीत दिला दी। जडेजा का न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रहा है। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने वनडे में कीवी टीम के खिलाफ खूब रन बनाए हों।
न्यूजीलैंड के खिलाफ जडेजा का बल्ला खूब चलता है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 11 पारियों में 51.57 की औसत और 97.83 के स्ट्राइक रेट से 361 रन बनाए। इसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ जडेजा की सर्वश्रेष्ठ पारी 77 रन की है। जडेजा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले सात वनडे पारियों में ही चार अर्धशतक लगाए हैं। इसमें से चार नाबाद पारियां हैं। 39 रन की पारी से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ बे ओवल में उन्होंने नाबाद आठ रन (2020), जबकि ईडन पार्क में 55 रन (2020), ओल्ड ट्रैफर्ड में 77 रन (2019), स्काई स्टेडियम में पांच रन (2014), सेडोन पार्क में नाबाद 62 रन (2014), ईडन पार्क में नाबाद 66 रन (2014) की पारियां खेली थीं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ धर्मशाला में 39 रन की पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि इस मैच से पहले तक भारत के लोअर ऑर्डर की परख नहीं हुई थी, क्योंकि जडेजा को पिछले चार मैच में बैटिंग का मौका नहीं मिला था। अब दबाव में जडेजा की बल्लेबाजी की भी परख हो गई और भारत ने लगभग हर डिपार्टमेंट को टिक कर लिया है। जडेजा के वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने 191 वनडे की 128 पारियों में 32.62 की औसत और 84.49 के स्ट्राइक रेट से 2675 रन बनाए हैं। इसमें 13 अर्धशतक शामिल हैं। 46 बार वह नॉटआउट रह चुके हैं।
रवींद्र जडेजा और विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया