भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। रविवार (19 नवंबर) को होने वाले मुकाबले को देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचेंगे। उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स भी नजर आएंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने एक उच्च स्तरीय बैठक कर सुरक्षा, सफाई और यातायात प्रबंधन आदि की व्यापक समीक्षा की है।
भारत के पहले विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव भी मैच देखने आएंगे। उनके अलावा 2011 में टीम इंडिया को चैंपियन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी भी स्टेडियम में दिखाई देंगे। फाइनल से पहले अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई उप-प्रधान मंत्री, असम के मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट विश्व कप फाइनल देखने आएंगे। सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। आज हम शाम को रिहर्सल करेंगे। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे मेट्रो का इस्तेमाल करें और मेट्रो रात एक बजे तक चालू रहेगी।''
मैच से पहले होगा एयर शो
भारतीय वायु सेना की एरोबेटिक टीम सूर्य किरण ने फाइनल से पहले प्रदर्शन करने के लिए शुक्रवार को एयर शो का अभ्यास किया। गुजरात डिफेंस पीआरओ ने कहा कि सूर्य किरण टीम ने स्टेडियम में ग्रैंड रिहर्सल की और फाइनल शो से पहले शनिवार को भी रिहर्सल की जाएगी। आईसीसी ने एयर शो के रिहर्सल का वीडियो भी शेयर किया है।
पीआरओ के मुताबिक, फाइनल मैच की शुरुआत से पहले एरोबेटिक टीम 10 मिनट तक लोगों को रोमांचित करेगी। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) के प्रवक्ता जगत पटेल ने कहा, "फिलहाल फाइनल मैच से पहले एक एयर शो की योजना बनाई गई है, जिसके लिए शुक्रवार को स्टेडियम में रिहर्सल आयोजित की गई।"
नौ विमान टीम में शामिल
सूर्य किरण एरोबेटिक टीम में आमतौर पर नौ विमान शामिल होते हैं और इसने देश में कई एयर शो किए हैं। सूर्य किरण टीम के प्रदर्शन की पहचान विजय निर्माण में लूप युद्धाभ्यास, बैरल रोल युद्धाभ्यास और विमान का उपयोग करके आकाश में विभिन्न आकृतियां बनाना है।
भारत ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था
भारत ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल का टिकट कटाया है। वहीं, कंगारू टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत हासिल की। अब 20 साल बाद खिताबी मुकाबले में दोनों टीमें एक बार फिर से आमने-सामने होंगी। तब ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 125 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था।