इकोनॉमी क्लास में इंग्लैंड के खिलाड़ी
- फोटो : सोशल मीडिया
डिफेंडिंग चैंपियंस इंग्लैंड क्रिकेट टीम आगामी आईसीसी वनडे विश्व कप के लिए भारत आ चुकी है। लेकिन टीम को हवाई यात्रा के दौरान काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दरअसल, टीम को भारत की यात्रा करने में 38 घंटे से भी ज्यादा का समय लगा, जिसके बाद कई खिलाड़ी इस यात्रा से नाराज हैं। इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की है और दर्द बयां किया है।
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने यात्रा का अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किया है। बेयरस्टो ने वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारत की यात्रा में 38 घंटे से भी ज्यादा का समय लगने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने इंस्टा अकाउंट पर स्टोरी शेयर कर लिखा, 'पूरी तरह से अराजकता। अतिंम चरण आ रहा है। 38 घंटे और अभी भी गिनती जारी है.' इससे साफ पता चल रहा है कि बेयरस्टो इतने लंबे सफर से काफी निराश हैं। बेयरस्टो की इस स्टारी में क्रिस वोक्स और कप्तान जोस बटलर के बगल में आम जनता नजर आ रही है।
पांच अक्तूबर को पहला मैच खेलेगी इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड को वर्ल्ड कप 2023 में अपना पहला मैच पांच अक्तूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना है। इससे पहले इंग्लिश टीम दो वॉर्म अप मैच खेलेगी। पहला वॉर्म अप मैच इंग्लैंड का भारत के खिलाफ होगा, जो 30 सितंबर को खेला जाएगा। वहीं, इंग्लैंड का दूसरा वॉर्मअप मैच दो अक्तूबर को गुवाहाटी में बांग्लादेश के खिलाफ होगा। इंग्लैंड की टीम इस टूर्नामेंट को जीतने की सबसे बड़ी दावेदारों में से एक मानी जा रही है। 2019 वनडे विश्व कप में इस टीम ने न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर खिताब पर कब्जा किया था।
इंग्लैंड के वॉर्म-अप मैचों का शेड्यूल
30 सितंबर: भारत बनाम इंग्लैंड, बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी
2 अक्तूबर: इंग्लैंड बनाम बांग्लादेश, बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी
वर्ल्ड कप 2023 के लिए इंग्लैंड की टीम-
जोस बटलर (कप्तान), मोइन अली, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, सैम कुरेन, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मालन, आदिल राशिद, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स, रीस टॉपले, डेविड विली, मार्क वुड, क्रिस वोक्स।