विश्व कप में अफगानिस्तान की यह कुल मिलाकर तीसरी जीत रही। इस विश्व कप में टीम अब तक दो बड़े उलटफेर कर चुकी है। दिल्ली में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को 69 रन से शिकस्त दी थी और पाकिस्तान को हराकर चौंकाया है। इससे पहले टीम ने विश्व कप में पिछली बार 2015 में जीत हासिल की थी। तब उन्होंने ड्यूनडिन में स्कॉटलैंड को एक विकेट से हराया था।
वनडे वर्ल्ड कप में कब-कब जीता अफगानिस्तान
- 2015: स्कॉटलैंड को एक विकेट से हराया (ड्यूनडिन)
- 2023: इंग्लैंड को 69 रन से हराया (दिल्ली)
- 2023: पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया (चेन्नई)
पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान के खिलाफ अफगानिस्तान ने चेन्नई में 286 रन बनाए। यह विश्व कप में अफगानिस्तान का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले उन्होंने 2019 में लीड्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ 288 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सामने 283 रन का लक्ष्य रखा था। यह वनडे में अफगानिस्तान द्वारा सबसे बड़ा चेज है। इससे पहले उन्होंने 2014 में दुबई में यूएई के खिलाफ 274 रन चेज किए थे। वहीं, यह पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप में किसी भी टीम द्वारा सबसे बड़ा चेज भी है।
विश्व कप में अफगानिस्तान का सर्वोच्च स्कोर
- 288 vs वेस्टइंडीज, लीड्स, 2019
- 286 vs पाकिस्तान, चेन्नई (इस मैच में, 2023)
- 284 vs इंग्लैंड, दिल्ली, 2023
- 272 vs भारत, दिल्ली, 2023
वनडे में अफगानिस्तान द्वारा चेज किया गया सबसे बड़ा लक्ष्य
- 283 vs पाकिस्तान, चेन्नई, (इस मैच में, 2023)
- 274 vs यूएई, दुबई, 2014
- 269 vs श्रीलंका, हंबनटोटा, 2023
- 268 vs स्कॉटलैंड, एडिनबर्ग, 2019
पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान पहली बार 275+ रन का लक्ष्य देकर हारा
दरअसल, अब तक कुल 14 बार पाकिस्तान ने विश्व कप में विपक्षी टीमों के सामने 275+ रन का लक्ष्य रखा है। हालांकि, इस मैच से पहले 13 बार पाकिस्तान ने उस टोटल का सफलतापूर्वक बचाव किया था। अफगानिस्तान ने इतने टोटल होने के बावजूद पहली बार पाकिस्तान को हराया है। इससे पहले विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे सफल चेज 274 रन का था। ऐसा भारत ने 2003 में सेंचुरियन में किया था।
विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ चेज किया गया सबसे बड़ा लक्ष्य
- 283 रन: अफगानिस्तान (चेन्नई, 2023)
- 274 रन: भारत द्वारा (सेंचुरियन, 2003)
- 267 रन: वेस्ट इंडीज़ द्वारा (बर्मिंघम, 1975)
- 243 रन: दक्षिण अफ्रीका (कराची, 1996)
अफगानिस्तान बनाम पाकिस्तान
- फोटो : सोशल मीडिया
स्पिनरों ने दूसरे सबसे ज्यादा ओवर फेंके
पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान मैच में दोनों टीमों के स्पिनर्स ने कुल मिलाकर 59 ओवर गेंदबाजी की। यह किसी एक विश्व कप मैच में स्पिनर्स द्वारा फेंके गए दूसरे सबसे ज्यादा ओवर्स हैं। इससे पहले 2019 में लीड्स में पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान मैच में ही स्पिनर्स ने कुल मिलाकर 60 ओवर गेंदबाजी की थी। उस मैच में पाकिस्तान ने जीत हासिल की थी। हालांकि, चेन्नई के चेपॉक में अफगानिस्तान के स्पिनर्स प्रभावी साबित हुए। उन्होंने 38 ओवर गेंदबाजी की और 176 रन देकर चार विकेट लिए। अफगानी स्पिनर्स का इकोनॉमी रेट 4.6 का रहा। वहीं, पाकिस्तान के स्पिनर्स ने 21 ओवर गेंदबाजी की। उन्होंने 131 रन दिए और कोई विकेट नहीं ले पाए। पाकिस्तानी स्पिनर्स का इकोनॉमी रेट 6.2 का रहा।
विश्व कप मैच में स्पिनरों द्वारा फेंके गए (दोनों टीमों को मिलाकर) सर्वाधिक ओवर
- 60 ओवर - अफगानिस्तान vs पाकिस्तान (लीड्स, 2019)
- 59 ओवर - भारत vs आयरलैंड (बेंगलुरु, 2011)
- 59 ओवर - अफगानिस्तान vs पाकिस्तान (चेन्नई, 2023)
- 58 ओवर - भारत vs बांग्लादेश (मीरपुर, 2011)
वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान के लिए सर्वाधिक रन
- 404 - रहमत शाह
- 365 - हशमतुल्लाह शाहिदी
- 360 - नजीबुल्लाह जादरान
- 328 - समीउल्लाह शिनवारी
मैच में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 282 रन बनाए थे। पाकिस्तान के लिए बाबर ने 74 रन बनाए और अबदुल्लाह शफीक ने 58 रन की पारी खेली। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने 49 ओवर में दो विकेट खोकर 286 रन बना लिए और आठ विकेट से मैच अपने नाम किया। अफगानिस्तान के लिए इब्राहिम जादरान ने 87, रहमत शाह ने नाबाद 77 और रहमनुल्लाह गुरबाज ने 65 रन बनाए। कप्तान शहीदी ने नाबाद 48 रन बनाए।
मैच रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...