अंगद बेदी और उनके परिवार ने जारी किया बयान
अंगद बेदी ने अपने पिता और क्रिकेट लीजेंड बिशन सिंह बेदी के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए इंस्टाग्राम पर अपने परिवार की ओर से एक दिल छू लेने वाला संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा- क्या यह पूरी तरह से पापा का चरित्र नहीं है कि हमें अपनी आखिरी स्पिन गेंद से चकमा दे गए। एक ऐसी गेंद जिसे हमने कभी नहीं देखा था। अब जबकि हम सदमे में हैं और दुख से उबर रहे हैं, हमें यह जानकर सांत्वना मिलती है कि उन्होंने एक समृद्ध, निडर और पूर्ण जीवन जीया जिसने कई लोगों को प्रेरित किया। हम सार्वजनिक रूप से और व्यक्तिगत रूप से प्राप्त प्यार के प्रत्येक संदेश से प्रेरित हैं। उनके धैर्य, हास्य और विशाल दिल का जश्न मनाने के लिए सभी को धन्यवाद। यह देखना दिल को छू लेने वाला है कि पापा ने अपने जीवन में कितनी पीढ़ियों को प्रेरित किया। उनके जीवन का हर दिन अपने परिवार और विश्वास के प्रति समर्पण में और अपने वाहेगुरु की सेवा में व्यतीत हुआ। वह निर्भाऊ-निर्वैर के जीवन जीने के प्रतीक थे और हमें यह जानकर सुकून मिलता है कि वह अब अपने प्रिय के साथ हैं।
अंगद ने लिखा, 'पिताजी हम आपको अपने निडर नेृतृत्व के रूप में पाकर धन्य थे। हम आपके आदर्शों पर जीने का प्रयास करेंगे। आप हर मोड़ पर हमारा मार्गदर्शन करते रहें। प्यार और विश्वास में हमारे साथ रहें।' अंगर बेदी के अलावा शाहरुख खान, सलमान खान, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन सहित कई बॉलीवुड सितारों ने भी परिवार के लिए प्रार्थना करते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है।
अंगद बेदी, बिशन सिंह बेदी
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
भारत के पूर्व क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। वह 77 साल के थे। कुछ समय पहले ही उनके घुटने की सर्जरी हुई थी। इसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और 23 अक्तूबर के दिन उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। बेदी ने भारत के लिए कुल 77 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने 273 विकेट झटके थे। बेदी को भारतीय टेस्ट इतिहास के बेहतरीन स्पिनरों में माना जाता है। उन्होंने अपने दम पर देश को कई मैच जिताए थे। बिशन सिंह बेदी को भारतीय टीम की कप्तानी करने का भी मौका मिला था। उन्हें 1976 में यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। भारत के लिए 67 टेस्ट मैच में उन्होंने 266 विकेट लिए। उन्होंने 15 बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया और एक बार मैच में 10 विकेट भी लिए। वहीं, 10 वनडे मैच में उन्होंने सात विकेट झटके।