भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बीच रिश्तों को लेकर कई तरह की चर्चाएं चलती रही हैं। हालांकि, टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का लंबे समय तक हिस्सा रहे यह दोनों खिलाड़ी पिछली बातें भूलकर आगे बढ़ गए हैं। कोहली अब गंभीर के नेतृत्व में खेल रहे हैं जो बांग्लादेश के खिलाफ गुरुवार से होने वाले पहले टेस्ट का हिस्सा हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें गंभीर और कोहली एक दूसरे से हंसी-मजाक और कुछ विचार साझा कर रहे हैं।
चर्चा के दौरान कोहली ने रोहित के भूलने वाली बात पर भी चर्चा की। गंभीर ने कोहली से पूछा, 'विराट हमारे अगले मेहमान रोहित होंगे। आप क्या चाहते हैं, मैं उनसे क्या सवाल करूं? पहला सवाल क्या होना चाहिए?' इस पर कोहली ने कहा, 'मेरे ख्याल से एक सामान्य सवाल रोहित से करना चाहिए कि सुबह भीगे बादाम खाते हो कि नहीं?' इस बात पर दोनों लोग हंसने लगे और गंभीर ने कहा, इससे रोहित को याद रहेगा कि सुबह 11 बजे आना है, रात को नहीं।
गंभीर-कोहली के बीच रही है खट्टी-मीठी यादें
गंभीर और कोहली के बीच पिछले साल आईपीएल के दौरान विवाद हो गया था और ये दोनों खिलाड़ी एक दूसरे से टकरा गए थे। हालांकि, आईपीएल 2024 में ही दोनों के बीच कड़वाहट खत्म होती दिखी थी, जब कोहली और गंभीर एक दूसरे के साथ गर्मजोशी से मिले थे। गंभीर अपने पूरे करियर में आक्रामक मानसिकता के साथ खेले और कोहली अब भी एक किशोर खिलाड़ी के जोश के साथ खेल रहे हैं। बातचीत के दौरान कोहली ने कहा, 'हमने लंबा सफर तय किया है। लंबे समय तक एक साथ खेलने से लेकर, एक ही ड्रेसिंग रूम में रहने से लेकर उतार-चढ़ाव तक।' इस पर गंभीर ने कहा कि उनके बीच जो भी हुआ अच्छी भावना के साथ हुआ।
टेस्ट क्रिकेट के बारे में बात करने के तरीके से दोनों की समान मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। गंभीर ने अपना भारतीय करियर तब शुरू किया था जब आईपीएल नहीं था और हमेशा से ही एक सफल टेस्ट क्रिकेटर बनने की ख्वाहिश रखते थे। दूसरी ओर कोहली यकीनन टेस्ट क्रिकेट के सबसे हाई प्रोफाइल समर्थक हैं। गंभीर ने कहा, टेस्ट क्रिकेट खेल का शिखर है। मैंने टेस्ट खेलने से पहले ही वनडे क्रिकेट में पदार्पण कर लिया था। टेस्ट पदार्पण करना आज तक की मेरी सबसे अच्छी याद है। हम हमेशा सोचते थे कि हम लाल गेंद के क्रिकेट में जो करेंगे, हमें उसके आधार पर आंका जाएगा।
गंभीर के लिए कोहली टेस्ट क्रिकेट के पथ प्रदर्शक
भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान कोहली ने कहा, 'उस समय कोटला एक और कोटला दो (नेट) होता था। हम हमेशा वहां रहना चाहते थे। मेरी पहली ख्वाहिश दिल्ली के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलना थी। अब आप समझ सकते हैं कि प्रतिस्पर्धा कहां से आती है क्योंकि मेरा और गंभीर का नजरिया बहुत समान है।' गंभीर के लिए कोहली टेस्ट क्रिकेट के पथ प्रदर्शक हैं। गंभीर ने कहा, आप लोग टेस्ट क्रिकेट के पथ प्रदर्शक हैं। आज के समय में यह चुनौती हमेशा बनी रहेगी कि हम अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों को कैसे प्रेरित कर सकते हैं। मेरा मानना है कि आपकी टेस्ट टीम जितनी मजबूत होगी, आपका क्रिकेट भी उतना ही मजबूत होगा।