विराट के आईपीएल डेब्यू की बात करें तो उन्होंने 2008 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में अपना पहला मैच खेला था। उस मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स ने आरसीबी को 140 रनों के विशाल अंतर से हराया था। उस वक्त भी आरसीबी 100 रन के अंदर 82 रन पर ही ढेर हो गई थी, जबकि केकेआर ने 222 रन बनाए थे। उस मैच में विराट सिर्फ एक रन ही बना पाए थे।
विराट कोहली ने 2019 में कप्तान रहते हुए अपना 100वां आईपीएल मैच खेला था। हालांकि इस मैच में भी वह फेल रहे थे और उनकी टीम को करारी हार झेलनी पड़ी थी। यह मैच जयपुर में हुआ था, जहां राजस्थान रॉयल्स की टीम से भिड़ंत हुई थी। आरसीबी ने तब 158 रन बनाए थे लेकिन राजस्थान ने 164 रन बनाकर मैच जीत लिया था। इस मैच में विराट ने सिर्फ 23 रन ही बनाए थे और आरसीबी को सात विकेट से हार मिली थी।
कप्तान कोहली ने यूएई में शुरू हुए आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के पहले मैच में अपना 200वां मुकाबला खेला। लेकिन यह मुकाबला उनके लिए किसी बुरे सपने की तरह साबित हुआ। विराट महज पांच रन बनाकर आउट हुए और उनकी टीम सिर्फ 92 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद केकेआर ने सिर्फ एक विकेट खोकर लक्ष्य को 10 ओवर में ही हासिल कर लिया और आरसीबी को 9 विकेट से पटखनी दी।