मुंबई इंडियंस भले ही आईपीएल 2021 के प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उसके आखिरी मैच ने भारतीय क्रिकेट टीम को बहुत हद तक राहत दी। मुंबई के वैसे तो छह खिलाड़ी आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं लेकिन दो बल्लेबाजों ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव पर सभी की नजर है और उनसे बहुत उम्मीदें भी हैं। हालांकि यूएई चरण में दोनों की फॉर्म चिंता का सबब बन गई थी। लेकिन आखिरी मुकाबले में दोनों ने ना सिर्फ खोई हुई फॉर्म हासिल की बल्कि अपने आलोचकों की जुबान पर ताला भी लगा दिया। ईशान ने 32 गेंदों में 84 जबकि सूर्यकुमार ने 82 रनों की तूफानी पारी खेली।
युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इस मैच में भी बतौर सलामी बल्लेबाज बल्लेबाजी करने उतरे और ताबड़तोड़ रन बरसाए। उन्होंने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ दिया। ईशान ने अपनी 84 रन की पारी में 76 रन सिर्फ चौके-छक्के से बनाए। उनकी आक्रामकता और अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है की भारत के कप्तान विराट कोहली उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप में ओपनर के तौर पर देख रहे हैं।
ईशान ने सनराइजर्स के खिलाफ मैच के बाद खुलासा करते हुए बताया कि कोहली ने उनसे आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में ओपनिंग करने के लिए तैयारी करने को कहा है।' विकेटकीपर बल्लेबाज ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, 'तुम्हें ओपनर के तौर पर चुना गया है और तुम्हें बस इसके लिए तैयार रहना है। बड़े स्तर पर तुम्हें हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना होगा।
आधिकारिक तौर पर भारत ने रोहित शर्मा और केएल राहुल को बतौर सलामी बल्लेबाज टीम में शामिल किया है। जबकि खुद कप्तान विराट कोहली तीसरे विक्ल्प हैं। लेकिन किशन जो यूएई चरण में मध्यक्रम में संघर्ष कर रहे थे, उन्होंने ओपनिंग करते ही लय हासिल कर ली।
ईशान जब पिछले हफ्ते फेल हो रहे थे तब मैच के बाद विराट कोहली ने लंबे समय तक उनसे बात की थी। ईशान ने तब कहा था कि विराट भाई ने मुझे काफी सपोर्ट किया। सबने मेरा साथ दिया और कहा कि यह सीखने का समय है लेकिन अब यहां से गलती मत करना।