भारतीय टीम से बाहर चल रहे वरुण आरोन ने रेड बॉल क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। रणजी ट्रॉफी 2024 के तहत वह झारखंड और राजस्थान के बीच अपने करियर का आखिरी मुकाबला खेलेंगे। ये मैच जमशेदपुर में होगा। 2008 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू करने वाले आरोन ने 65 मुकाबलों में 168 विकेट अपने नाम किए। इस प्रारुप में उनके नाम छह फाइव विकेट हॉल भी दर्ज हैं।
‘मैंने क्रिकेट छोड़ने का फैसला किया है’
34 वर्षीय गेंदबाज ने नवंबर 2011 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था। आठ टेस्ट मैचों में आरोन ने 18 विकेट चटकाए। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में मौका नहीं मिला। अब रेड बॉल क्रिकेट से संन्यास का एलान करते हुए आरोन ने कहा, “मैं 2008 से रेड बॉल क्रिकेट खेल रहा हूं। चूंकि मैंने तेज गेंदबाजी की, इसलिए मुझे कई चोटें लगीं। अब मैं समझ गया हूं कि मेरा शरीर मुझे इस प्रारुप में तेज गेंदबाजी जारी रखने की अनुमति नहीं देगा, इसलिए मैंने क्रिकेट छोड़ने का फैसला किया है।“
चोट की वजह से प्रभावित रहा गेंदबाज का करियर
तेज गेंदबाज का करियर चोट से प्रभावित रहा। इसकी वजह से उन्हें काफी वक्त तक मैदान से दूर रहना पड़ा। 2011 में विजय हजारे ट्रॉफी में 153 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। आरोन ने अपने करियर का आखिरी मुकाबला जमशेदपुर में खेलेंगे। इस विषय में आगे बात करते हुए उन्होंने कहा, “यह मेरे परिवार और जमशेदपुर के लोगों के सामने मेरा आखिरी गेम हो सकता है, क्योंकि हम अक्सर यहां (कीनन स्टेडियम) सफेद गेंद वाले खेल नहीं खेलते हैं। मैंने अपना करियर यहीं से शुरू किया था, इसलिए यह मेरे लिए काफी भावनात्मक है।”