चेन्नई सुपर किंग्स के घातक गेंदबाज तुषार देशपांडे ने गुरु पूर्णिमा पर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को याद किया। उन्होंने अपने पिता के साथ धोनी की तस्वीर साझा करते हुए खास मेसेज लिखा। दरअसल, तुषार और धोनी आईपीएल में एक ही टीम के लिए खेलते हैं।
जिम्बाब्वे दौरे पर किया डेब्यू
तुषार ने हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। पांच मैचों की इस सीरीज के चौथे मुकाबले में तेज गेंदबाज ने डेब्यू किया था। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर साईराज बहुतुले ने उन्हें डेब्य कैप पहनाई थी। इस दौरान देशपांडे की पत्नी भी मौजूद रहीं थीं। इस दौरे पर उन्होंने दो मुकाबलों में कुल दो विकेट चटकाए।
डेब्यू कैप हासिल करने के बाद क्या बोले देशपांडे?
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कैप हासिल करने के बाद देशपांडे ने खुशी जाहिर की थी। उन्होंने कहा, "यहां आकर बहुत खुश हूं। यह सब मेरे बचपन के दिनों की याद दिलाता है जब मैं अपने देश के लिए खेलने का सपना देखता था। नीली जर्सी पहनकर यहां आना बहुत गर्व की बात है। मेरे लिए यह बहुत मायने रखता है। यहां का माहौल वाकई बहुत बढ़िया है। आईपीएल में सीएसके के लिए खेलने से मुझे मदद मिली। यह अनुभव निश्चित रूप से अंतरराष्ट्रीय मैचों में मेरे काम आएगा। मैंने बल्लेबाज के रूप में शुरुआत की, इसलिए यह मेरे लिए स्वाभाविक है, मैं इसे निखारना चाहता हूं और मैं इस पर काम कर रहा हूं।"
आईपीएल 2024 में देशपांडे का प्रदर्शन
तुषार देशपांडे को आईपीएल 2024 में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में मौका मिला। तेज गेंदबाज सीएसके के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वालों में से एक थे। डेथ ओवरों में उनकी घातक गेंदबाजी की क्षमता ने सभी को प्रभावित किया। तुषार आईपीएल के 17वें सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक थे। तेज गेंदबाज ने लगभग आठ की इकॉनमी से 17 विकेट लिए।