विलियम्सन-टेलर ने बनाए थे रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने एक रन के स्कोर पर मार्टिन गुप्टिल का विकट गंवा दिया था। वह सिर्फ एक रन बनाकर बुमराह का शिकार बने थे। इसके बाद हेनरी निकोलस ने केन विलियम्सन के साथ मिलकर 68 रन की साझेदारी की थी और मैच में अपनी टीम को वापस ले आए थे। निकोलस को 28 के निजी स्कोर पर जडेजा ने आउट किया तो विलियम्सन ने रॉस टेलर के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी कर ली। विलियम्सन 67 रन बनाकर चहल की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद नीशम 12 और ग्रांडहोम 16 रन बनाकर चलते बने, लेकिन रॉस टेलर एक छोर पर जमे हुए थे और न्यूजीलैंड का स्कोर 200 रन के पार जा चुका था। तभी बारिश आ गई। इस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 46.1 ओवरों में 221/5 था।
बारिश के कारण रिजर्व डे तक पहुंचा मैच
मैच के दौरान बारिश के आसार थे। ऐसे में इस मुकाबले के लिए रिजर्व डे भी रखा गया था। अगले दिन खेल शुरु हुआ और भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया। लाथम 10 और टेलर 74 रन बनाकर आउट हुए। अंत सैंटनर ने नौ रन बनाए और कीवी टीम 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 239 रन बनाने में सफल रही। भारत के लिए भुवनेश्वर ने तीन विकेट लिए। बुमराह, हार्दिक, जडेजा और चहल को एक-एक विकेट मिला।
भारत की खराब शुरुआत
240 रन का लक्ष्य भारत के लिए बहुत मुश्किल नहीं था, लेकिन पांच रन पर ही टीम के तीन विकेट गिर गए। लोकेश राहुल और रोहित शर्मा को मैट हेनरी ने आउट किया। विराट कोहली ट्रेंट बोल्ट का शिकार बने। तीनों ने एक रन बनाए। दिनेश कार्तिक भी छह रन बनाकर हेनरी का तीसरा शिकार बने। ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या ने साझेदारी कर भारत को मैच में वापस लाने की कोशिश की, लेकिन दोनों 32 रन के स्कोर पर सैंटनर की गेंद पर आउट हो गए।
जडेजा ने बल्ले से किया कमाल
92 रन पर भारत के छह विकेट गिर गए थे। ऐसे में धोनी ने जडेजा के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों के बीच 116 रन की साझेदारी हुई और भारतीय टीम मैच में वापस आ गई। जडेजा 59 गेंद में 77 रन बनाकर बोल्ट का दूसरा शिकार बने। हालांकि, तब तक भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका था और धोनी क्रीज पर जम चुके थे। ऐसे में भारतीय फैंस को जीत की आस थी। दूसरे छोर पर भुवनेश्व कुमार थे, जो धोनी को स्ट्राइक देने में सक्षम थे। हालांकि, धोनी ने 49वें ओवर में दो रन लेने के कोशिश की और मार्टिन गुप्टिल के सटीक थ्रो के चलते वह रन आउट हो गए। धोनी का बल्ला क्रीज से कुछ इंच दूर रह गया था।
महेंद्र सिंह धोनी रन आउट
- फोटो : सोशल मीडिया