फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

T20 World Cup: सिर्फ भारत नहीं इन टीमों को भी मिलेगा आईपीएल का फायदा, जानिए किस टीम के कितने खिलाड़ी आईपीएल में खेले

Mon, 18 Oct 2021 05:06 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

आईपीएल 2021 में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया सहित कई टीमों के खिलाड़ी खेल रहे थे और इस दौरान अपनी लय भी हासिल कर चुके हैं। वर्ल्डकप के दौरान ये खिलाड़ी भारत सहित सभी टीमों के लिए खतरा बन सकते हैं।
विज्ञापन
आईपीएल 2021 में ड्वेन ब्रावो, ग्लेन मैक्सवेल और मोईन अली अच्छी लय में नजर आए हैं। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टी-20 वर्ल्डकप की शुरुआत हो चुकी है। पहले राउंड के मैच खेले जा रहे हैं और सभी बड़ी टीमें आज से अभ्यास मैच भी खेलेंगी। इस साल टी-20 वर्ल्डकप यूएई में खेला जा रहा है। इससे ठीक पहले इन्हीं मैदानों पर आईपीएल खेला गया था। पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना का मानना है कि आईपीएल खेलने से भारतीय खिलाड़ियों को वर्ल्डकप में मदद मिलेगी। हालांकि भारत के अलावा भी कई देशों के खिलाड़ी आईपीएल में शामिल थे और उन्हें भी इस टूर्नामेंट से यूएई की पिच के बारे में समझने में मदद मिलेगी। यहां हम इसी बात पर चर्चा करेंगे कि भारत के अलावा किस टीम के कितने खिलाड़ी सक्रिय रूप से आईपीएल में शामिल थे और उन्हें टी-20 वर्ल्डकप में इसका कितना फायदा होगा। 
विज्ञापन

न्यूजीलैंड के नौ खिलाड़ी आईपीएल में खेले

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन आईपीएल में हैदराबाद की कप्तानी कर रहे थे। उनके अलावा जेम्स नीशम, मिशेल सैंटनर, ग्लेन फिलिप्स, टिम सेफर्ट, ट्रेंट बोल्ड, लोकी फर्ग्यूसन, काइल जेमिसन और टिम साउदी भी अलग-अलग टीमों के लिए आईपीएल खेल रहे थे। हालांकि अच्छी बात यह है कि इनमें से कोई भी खिलाड़ी बहुत अच्छी लय में नहीं था। कीवी टीम के कुल नौ खिलाड़ी आईपीएल का हिस्सा थे, लेकिन किसी भी खिलाड़ी ने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है। इस वजह से किसी भी टीम को ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है।

ऑस्ट्रेलिया के पांच खिलाड़ी आईपीएल का हिस्सा बने 

ऑस्ट्रेलिया के कई बड़े खिलाड़ी अलग-अलग कारणों से इस साल आईपीएल में शामिल नहीं हुए, लेकिन इस टीम के पांच अहम खिलाड़ी आईपीएल खेल रहे थे। इनमें स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस और जोश हेजलवुड का नाम शामिल है। हालांकि भारत के नजरिए से अच्छी बात यह है कि इनमें से सिर्फ मैक्सवेल और हेजलवुड को ही ज्यादा मैच खेलने का मौका मिला है। इन्हीं दोनों खिलाड़ियों ने अच्छी फॉर्म भी दिखाई है। खासकर मैक्सवेल ने जिस तरह से बाउंड्री के अलग-अलग छोर का इस्तेमाल किया है और रिवर्स शॉट लगाए हैं। उससे सभी टीमों की चिंता बढ़ गई है। 

बांग्लादेश के दो अहम खिलाड़ी आईपीएल खेले

बांग्लादेश के शाकिब अल हसन और मुस्तफिजुर रहमान इस साल आईपीएल का हिस्सा थे। इन दोनों खिलाड़ियों ने आईपीएल में ठीक-ठाक प्रदर्शन किया था। हालांकि पहले वर्ल्डकप मैच में ये दोनों ही कुछ खास नहीं कर पाए और बांग्लादेश को हार का सामना करना पड़ा है। बांग्लादेश के लिए यूएई के हालात ज्यादा मुश्किल नहीं हैं और यहां की पिच भी बहुत हद तक बांग्लादेश की तरह ही हैं। ऐसे में अगर बांग्लादेश की टीम फॉर्म में आती है तो सभी का खेल बिगाड़ सकती है। 

इंग्लैंड के सात खिलाड़ी आईपीएल में शामिल 

इंग्लैंड की टीम की बात करें तो उसके सात खिलाड़ी आईपीएल 2021 का हिस्सा थे। हालांकि मोईन अली को छोड़कर इनमें से कोई भी अच्छी फॉर्म में नहीं था। कप्तान मॉर्गन कोलकाता के लिए संघर्ष कर रहे थे, जबकि जेसन रॉय, लियम लिविंगस्टन, टॉम करन, आदिल राशिद और सैम बिलिंग्स को ज्यादा मैच खेलने का मौका ही नहीं मिला। वहीं जोश बटलर, जॉनी बेयरस्ट्रो और क्रिस वोक्स जैसे खिलाड़ियों ने पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था। हालांकि मोईन अली ने इस आईपीएल में जिस तरीके से बल्लेबाजी की है और गेंद के साथ भी विकेट निकाले हैं। उससे सभी टीमों की चिंता बढ़ सकती है। 

दक्षिण अफ्रीका के सात खिलाड़ी आईपीएल में शामिल हुए

दक्षिण अफ्रीका के भी सात खिलाड़ी इस साल आईपीएल का हिस्सा थे। इनमें से ऑनरिक नॉर्टजे को छोड़कर बाकी सभी ने अपने प्रदर्शन से निराश किया है और वर्ल्डकप में किसी भी टीम को उनसे ज्यादा खतरा नहीं है। यह अलग बात है कि रबादा और डिकॉक जैसे खिलाड़ी किसी भी दिन अपने दम पर मैच पलट सकते हैं, लेकिन आईपीएल में रबादा, एंगिडी, डिकॉक और मार्करम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। इनके अलावा प्लेसिस ने आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन वो अफ्रीका की टीम में ही नहीं हैं। वहीं तबरेज शम्सी जैसे खिलाड़ियों को ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला। 
विज्ञापन

वेस्टइंडीज के नौ खिलाड़ी आईपीएल में शामिल हुए

भारत के अलावा वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने इस साल आईपीएल में जलवा दिखाया है। ड्वेन ब्रावो से लेकर सिमरन हेटमायर तक कई खिलाड़ियों ने इस सीजन अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि क्रिस गेल और पोलार्ड जैसे खिलाड़ी फ्लॉप भी रहे हैं। वेस्टइंडीज के कुल नौ खिलाड़ी इस साल आईपीएल में शामिल हुए थे और सभी को थोड़े बहुत मैच खेलने का मौका मिला था। वर्ल्डकप के दौरान इनमें से कोई भी खिलाड़ी अपने दम पर मैच पलट सकता है और सभी टीमों को इनसे सावधान रहने की जरूरत होगी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें