टी-20 विश्व कप में भारत का अभियान समाप्त हो चुका है। टीम बुधवार को दुबई से रवाना होगी और जयपुर पहुंचेंगी। हालांकि, इस टीम के साथ कोच रवि शास्त्री नहीं होंगे। उनका बतौर हेड कोच कार्यकाल समाप्त हो चुका है। ऐसे में दुबई से वे अपने घर लौट जाएंगे। नामीबिया के खिलाफ मैच के बाद शास्त्री ने टीम को भावुक संदेश भी दिया। इसके बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा ने रवि शास्त्री को सम्मान के तौर पर स्पेशल गिफ्ट भी दिया है।
दरअसल विराट और रोहित ने शास्त्री को अपना-अपना बल्ला गिफ्ट किया। यह वो बल्ला था जिससे उन्होंने ढेरों रन बनाए थे। यही एक चीज बल्लेबाज के सबसे करीब होती है। खिलाड़ी जब भी किसी को बल्ला गिफ्ट करता है, तो माना जाता है कि वह शख्स उस इंसान के सबसे करीब होता है। इसी कड़ी में विराट और रोहित ने अपने प्यारे कोच को गिफ्ट में बल्ला दिया।
कप्तान विराट और कोच शास्त्री की जोड़ी ने टीम इंडिया को पिछले पांच साल में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। हालांकि, यह जोड़ी कोई आईसीसी ट्रॉफी जीतने में कामयाब नहीं हो सकी। टीम इस दौरान टेस्ट में करीब 40 महीने तक नंबर एक टीम रही। साथ ही ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज अपने नाम किए।
सौरव गांगुली-जॉन राइट, एमएस धोनी-गैरी कर्स्टन और विराट-शास्त्री की जोड़ी उन चुनिंदा जोड़ियों में से एक है, जिसने भारतीय क्रिकेट को संवारा है। विराट-शास्त्री काल में ही भारत की गेंदबाजी आक्रमण सबसे मजबूत बनी। टीम को मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, टी नटराजन जैसे गेंदबाज मिले, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया को उनके घर में धूल चटा दिया था। इसके साथ ही फील्डिंग में भी टीम बेस्ट बन गई।
रवि शास्त्री बतौर कोच अपने कार्यकाल के आखिरी दिन टीम के खिलाड़ियों से ड्रेसिंग रूम में रूबरू हुए उनकी हौसलाफजाई की। बीसीसीआई के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किए गए वीडियो में रवि टीम के सभी खिलाड़ियों के साथ जोशीले अंदाज में बात करते दिखे। इस दौरान उन्होंने कहा, 'यह टीम दुनिया के बेहतरीन टीमों में से एक हैं।'