ब्रेट ली (2007) और पैट कमिंस (2024)
- फोटो : ICC/Espn Cricinfo/ausmenCricket
कमिंस से पहले टी20 विश्व कप में हैट्रिक ब्रेट ली ने ली थी। उन्होंने 2007 टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ ही ऐसा किया था। दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में खेले गए 2007 टी20 विश्व कप के उस मैच में ब्रेट ली ने बांग्लादेश के शाकिब अल हसन, मशरफे मोर्तजा और आलोक कपाली को लगातार तीन गेंद में पवेलियन भेजा था। ऑस्ट्रेलिया ने वह मैच जीता था। इसके बाद भारत ने टी20 विश्व कप अपने नाम किया था। अब 17 साल बाद कमिंस ने इतिहास दोहराया है। उन्होंने भी टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ ही हैट्रिक ली। ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच भी जीता। ऐसे में अब सिर्फ टीम इंडिया की जीत बाकी रह गई है। क्या भारतीय टीम इतिहास दोहरा पाएगी, यह तो देखने वाली बात होगी।
अगर टीम इंडिया विश्व कप जीतने में कामयाब रहती है तो 17 साल बाद टी20 विश्व कप ट्रॉफी उठाएगी। वहीं, 11 साल का आईसीसी ट्रॉफी का सूखा भी खत्म हो जाएगा। भारतीय टीम ने पिछली बार कोई आईसीसी ट्रॉफी 2013 में जीती थी। तब महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी। हालांकि, भारत के लिए यह राह आसान नहीं है। ट्रॉफी के रास्ते में अब भारतीय टीम को सुपर-8 में बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है। फिर सेमीफाइनल और 29 जून को फाइनल खेला जाएगा। टीम इंडिया ने इस विश्व कप में अब तक ग्रुप स्टेज में आयरलैंड, पाकिस्तान और अमेरिका को हराया है। कनाडा के खिलाफ मैच बारिश से धुल गया था, जबकि सुपर-8 में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को शिकस्त दी।