फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ENG vs USA : इंग्लैंड के लिए टी20 में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने जॉर्डन, अपने नाम दर्ज की ये उपलब्धि

Sun, 23 Jun 2024 10:18 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बारबाडोस

सार

जॉर्डन की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की मदद से इंग्लैंड ने अमेरिका को 18.5 ओवर में 115 रनों पर ऑलआउट कर दिया।
विज्ञापन
टी20 विश्व कप - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस जॉर्डन ने अमेरिका के खिलाफ सुपर आठ चरण के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर हैट्रिक ली। जॉर्डन की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की मदद से इंग्लैंड ने अमेरिका को 18.5 ओवर में 115 रनों पर ऑलआउट कर दिया। जॉर्डन टी20 प्रारूप में हैट्रिक पूरी करने वाले इंग्लैंड के पहले गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले इंग्लैंड का कोई खिलाड़ी यह उपलब्धि अपने नाम नहीं कर सका है। 
विज्ञापन

मौजूदा विश्व कप में तीसरी बार किसी गेंदबाज ने ली हैट्रिक
इस विश्व कप में यह तीसरी बार है जब किसी गेंदबाज ने हैट्रिक ली है। जॉर्डन से पहले ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस ऐसे एकमात्र गेंदबाज थे जिन्होंने इस विश्व कप में हैट्रिक ली थी। कमिंस ने सुपर आठ चरण में बांग्लादेश के खिलाफ और फिर अफगानिस्तान के खिलाफ हैट्रिक पूरी की थी। इसी के साथ कमिंस ने इतिहास रच दिया था। वह टी20 विश्व कप में दो हैट्रिक लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए थे।

जॉर्डन ने 19वें ओवर में मचाया कोहराम
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर अमेरिका को बल्लेबाजी का न्योता दिया, लेकिन अमेरिका की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही। कप्तान जोस बटलर ने 19वां ओवर डालने के लिए जॉर्डन को भेजा। दिलचस्प बात यह है कि जॉर्डन को इस मुकाबले के लिए मार्क वुड की जगह प्लेइंग-11 में जगह दी गई थी और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। जॉर्डन ने पहली गेंद पर कोरी एंडरसन को हैरी ब्रूक के हाथों कैच कराया। अगली गेंद डॉट रही, जबकि तीसरी गेंद पर जॉर्डन ने अली खान को बोल्ड कर दिया। चौथी गेंद पर नए बल्लेबाज के तौर पर उतरे नोसथुश केंजिगे को एलबीडब्ल्यू आउट किया और फिर अगली गेंद पर सौरभ नेत्रवलकर को बोल्ड कर हैट्रिक पूरी कर ली। 

टी20 विश्व कप के एक ओवर में चार विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज
जॉर्डन ने इस मैच में सिर्फ हैट्रिक ही पूरी नहीं की, बल्कि उन्होंने अपने इस ओवर में पांच गेंदों पर चार विकेट लिए। जॉर्डन आयरलैंड के कर्टिस कैम्फर के बाद टी20 विश्व कप के किसी ओवर में चार विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। कैम्फर ने 2021 में नीदरलैंड के खिलाफ एक ओवर में चार विकेट झटके थे और अब जॉर्डन ने भी यह कारनामा किया। दिलचस्प बात यह रही कि जॉर्डन ने तीन बल्लेबाजों को खाता खोलने का मौका नहीं दिया। अली, केंजिगे और नेत्रवलकर खाता खोले बिना पवेलियन लौटे।     
विज्ञापन

एक ही स्कोर पर गिरे पांच विकेट
अमेरिका ने 115 रन अपना छठा विकेट गंवाया था, लेकिन इसके बाद टीम एक भी रन नहीं जोड़ सकी और उसने अगले पांच विकेट बिना कोई रन बनाए गंवा दिए। यह टी20 में तीसरी बार है जब किसी टीम ने एक ही स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवाए हैं। इससे पहले, पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2010 में और केन्या ने माली के खिलाफ 2022 में ऐसा किया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें