वहीं, गत सोमवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी-20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय दल की घोषणा की। इसके कुछ समय बाद मिस्बाह-उल-हक और वकार यूनुस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पीसीबी की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि वकार और मिस्बाह ने कोच पद से इस्तीफा दे दिया है और ऐसे में पूर्व टेस्ट क्रिकेटर्स सकलैन मुश्ताक और अब्दुल रज्जाक को अंतरिम कोच बनाया गया है। मालूम हो कि इस साल जनवरी में आमिर ने ट्विटर पर लिखा था, 'मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं पाकिस्तान के लिए तभी उपलब्ध रहूंगा, जब यह प्रबंधन चला जाएगा।' इससे पहले पीसीबी ने घोषणा की थी कि वे आमिर के फैसले का सम्मान करते हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए उपलब्ध नहीं माना जाएगा।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपने 15 सदस्यीय दल का एलान कर दिया है। पाकिस्तान ने कोरोना महामारी को देखते हुए तीन रिजर्व खिलाड़ियों को भी चुना है। अगले महीने से यूएई और ओमान में होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट के लिए पीसीबी ने बाबर आजम को टीम का कप्तान बनाया है। टीम में आसिफ अली और खुशदिल शाह की वापसी हुई है। जबकि सबसे अनुभवी खिलाड़ी और पूर्व कप्तान शोएब मलिक और सरफराज अहमद को स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है। बता दें कि पहली बार ऐसा होगा जब पाकिस्तान की टीम शोएब मलिक के बगैर टी-20 विश्व कप खेलने उतरेगी। साल 2007 से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में शोएब मलिक हर बार पाकिस्तान की टीम का हिस्सा रहे हैं।