महिला टी20 विश्व कप की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। भारतीय टीम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बीच पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज ने भरोसा जताया है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की परिस्थितियां भारत के समान होंगी, जिससे टीम को फायदा मिलेगा। बता दें कि, इस टूर्नामेंट का आगाज तीन अक्तूबर से होगा। सभी मुकाबले दुबई और शारजाह में खेले जाएंगे।
भारतीय टीम का हो चुका एलान
आगामी टूर्नामेंट के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) टीम की घोषणा कर चुका है। इसमें हरमनप्रीत कौर को कप्तान और स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। भारत को ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत चार अक्तूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगी। वहीं, भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला छह अक्तूबर को खेला जाएगा।
मिताली का बयान
टूर्नामेंट के नौवें संस्करण से पहले दिग्गज महिला खिलाड़ी मिताली राज ने भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया। उन्होंने कहा- यूएई की परिस्थितियां भी काफी समान हैं इसलिए हम कह सकते हैं कि हमारी टीम को फायदा मिलेगा। भारत अब तक महिला टी20 विश्व कप का खिताब नहीं जीता है। इस बार हरमनप्रीत की सेना से प्रशंसकों को काफी उम्मीदें हैं।
टीम को पहले खिताब का इंतजार
अपने पहले खिताब का इंतजार कर रही भारतीय टीम को मिताली ने संयम बरकरार रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा- भारतीय महिला टीम ने अभी तक अंडर-19 विश्व कप के अलावा कोई आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीता है। मैं निश्चित रूप से चाहूंगी कि टीम अच्छा करे क्योंकि जब हम विश्व कप में जाते हैं तो हर किसी की तरह हम भी अपनी टीम को जीतते हुए देखना चाहते हैं।
महिला टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारत की टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, दयालन हेमलता, आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल*, सजना सजीवन। (*फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन)
ट्रैवलिंग रिजर्व: उमा छेत्री (विकेटकीपर), तनुजा कंवर, साइमा ठाकुर।
नॉन-ट्रैवलिंग रिजर्व: राघवी बिष्ट, प्रिया मिश्रा।