नमस्कार! मैं सुशील दोशी एक बार फिर से आपका स्वागत करता हूं। विश्व कप 2023 के मुकाबले यूं तो गरमा रहे हैं, लेकिन 50-50 ओवर के मुकाबलों में कई बार ऐसा लगने लगता है जैसे मुकाबले शेर और बकरी के बीच में हो रहे हों। अब दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच मंगलवार को जो मुकाबला हुआ उसमें दक्षिण अफ्रीका ने इतने ज्यादा रन बना लिए कि उसका पीछा करना बांग्लादेश के लिए मुश्किल हो गया।
मैं समझता हूं कि टी20 के मुकाबलों की तुलना में 50-50 ओवर्स के मुकाबलों की रोचकता की कमी की जो बात की जाती है वो इसलिए ही की जाती है क्योंकि कई बार शुरू में ही लगने लगता है कि मैच एकतरफा हो जाएंगे, लेकिन एकतरफा कहने से ही नहीं हो जाते, कभी-कभी आपको प्रदर्शन भी करना पड़ता है।
हमने देखा कि दक्षिण अफ्रीका ने जिस तरह से बल्लेबाजी में प्रदर्शन किया, उससे भारत को भी सजग रहना पड़ेगा। देखिए उनके पास वो फायर-पावर है जो भारतीय टीम के पास है। बल्लेबाजी की दादागिरि उनके पास भी है। उनके पास हेनरिक क्लासेन, 'किलर मिलर' डेविड मिलर हैं, जो बहुत तेजी से रन बनाने में सक्षम हैं। इसके अलावा क्विंटन डिकॉक हैं, जिन्हें भारतीय पिच बहुत पसंद आ रही हैं। एक बार फिर से उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ शतक जड़ा, तो वह बहुत ही शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
यह कहना पड़ेगा कि दक्षिण अफ्रीका के जो अधिकांश खिलाड़ी आईपीएल में आकर खेलते हैं, उन्हें यहां के परिस्थितियों का ज्ञान है, यहां के गेंदबाजों को भी वह समझते हैं, पिच कैसा व्यवहार करता है उसे भी वह समझते हैं और भारतीय दर्शकों में भी उनकी लोकप्रियता जानी पहचानी है। इस मामले में दक्षिण अफ्रीका प्रबल प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभर कर सामने आया है।
बांग्लादेश ने मुकाबला करने की कोशिश तो की, लेकिन शुरू में ही उनके विकेट गिर गए और जब आप इतने ज्यादा रनों का पीछा करते हैं, 350 से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करना आसान काम नहीं होता है। तब आप पर दबाव भी होता है और फिर दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी बहुत अच्छी है। हम जानते हैं कि कगिसो रबाडा क्या कर सकते हैं। लंबे कद के मार्को यानसेन घातक गेंदबाजी करते हैं। उनकी गेंद टप्पा खा कर ऊंची आती है और बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें आती हैं। वह भी एक बढ़िया गेंदबाज हैं।
इन सबको देखते हुए हम कह सकते हैं कि दक्षिण अफ्रीका एक मजबूत टीम है। दक्षिण अफ्रीका का कमजोर हिस्सा उनकी स्पिन बॉलिंग है। उनके पास स्पिनर केवल केशव महाराज हैं। पेस बॉलर्स पर ही उन्हें ज्यादा भरोसा रहता है। इस मामले में भारतीय टीम का जब भी उनसे मुकाबला होगा तो स्पिनर डिपार्टमेंट में हमारी टीम उनसे आगे रहेगी, उन पर हावी रहेगी और इस मामले में भारत को थोड़ा एडवांटेज रहेगा।
दूसरी तरफ जो मुकाबले चल रहे हैं न उसमें ऑस्ट्रेलिया का आज मुकाबला होगा नीदरलैंड से। नीदरलैंड एक चौंकाने वाली टीम है। एक दो उलटफेर कर सकती है। हालांकि, इतनी बड़ी टीमों को बार-बार पराजित करना आसान नहीं है। एक बार दक्षिण अफ्रीका को उन्होंने जरूर हरा दिया था, लेकिन आज ऑस्ट्रेलिया से उनका मुकाबला है और ऑस्ट्रेलिया एक मजबूत टीम है और उन्हें हराना नीदरलैंड के लिए आसान नहीं होगा। ऑस्ट्रेलिया अगर यह मैच जीतता है तो सेमीफाइनल की उनकी राह थोड़ी आसान हो जाएगी। हालांकि, अभी भी पक्का कुछ नहीं है।
इंग्लैंड के लिए बहुत मुश्किलें पेश आ रही हैं। अभी तक तमाम मैचों में वह हार चुके हैं। अफगानिस्तान से वह पहले ही हार चुके हैं। अब उनका मुकाबला भारत से है। बड़ी टीमों से उनके मुकाबले अभी बाकी हैं। ऐसे में उनकी राह में तमाम मुश्किलें बाकी हैं, लेकिन अभी भी उनकी उम्मीदें खत्म नहीं हुईं।
ये 50-50 ओवर का विश्व कप क्रिकेट 2023 गरमा रहा है। मुकाबले बेहतर होते जा रहे हैं। मुकाबले बड़े और कड़े होते जा रहे हैं और रोमांच बढ़ता जा रहा है। आइए उम्मीद करें कि इन रोमांचकारी मैचों के बीच भारत एक विजेता की तरह उभरकर सामने आएगा।