पहले मैच में हार का सामना करने के बाद श्रीलंका ने जबर्दस्त वापसी करते हुए इंग्लैंड को हराकर पांच मैचों की वनडे सीरीज पर कब्जा जमा लिया है।
बर्मिंघम में खेले गए सीरीज के पांचवें मुकाबले में श्रीलंका ने 220 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए 10 गेंद शेष रहते मैच में 6 विकेट से जीत हासिल कर ली।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की पूरी टीम 48.1 ओवर में 219 रन बनाकर आउट हो गई। जवाब में श्रीलंका ने 49वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने यह सीरीज 3-2 से अपने नाम कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने सधी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े, लेकिन तिलकरत्ने दिलशान (28) के आउट होने के बाद टीम ने कुशल परेरा (19) और कुमार संगकारा (2) के विकेट सस्ते में गंवा दिए।
लेकिन इसके बाद महेला जयवर्धने (53) और लाहिरू थिरिमने (नाबाद 60) चौथे विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी कर टीम को फिर से मैच में वापस ले आए। जयवर्धने के आउट होने के बाद थिरिमने ने कप्तान एंजेलो मैथ्यूज के साथ 62 रनों की अविजित साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिला दी।
इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। कप्तान एलिस्टर कुक (56) और इयान बेल (37) ने पहले विकेट के लिए 15 ओवर में 76 रनों की साझेदारी कर मेजबान टीम को ठोस शुरुआत दिलाई।
लेकिन अच्छी शुरुआत के बाद इंग्लैंड को एक के बाद एक करके झटके लगने शुरू हुए। बेल के रूप में इंग्लैंड का पहला विकेट गिरा। इसके बाद गैरी बैलेंस (10), जोई रुट (10), इयोन मोर्गन (17) और रवि बोपारा (17) जल्दी-जल्दी आउट हो गए।
हालांकि बाद में जोस बटलर (21) और क्रिस जॉर्डन (30) ने टीम को संभालने की कोशिश की लेकिन दोनों रन आउट हो गए। पुछल्ले बल्लेबाज भी ज्यादा कुछ नहीं कर सके।
श्रीलंका की ओर से लसित मलिंगा ने 3 विकेट जबकि अजंता मेंडिस ने 2 सफलता हासिल की। इनके अलावा सचित्रा सेनानायके, एंजेलो मैथ्यूज और एशान प्रियाजन को एक-एक सफलता हासिल की। इंग्लैंड के लिए जेम्स ट्रेडवेल ने 2 विकेट झटके।