श्रीलंका के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश चांदीमल ने गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसी के साथ उन्होंने हमवतन खिलाड़ी सनथ जयसूर्या के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी भी की। बता दें कि, श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला गाले में खेला जा रहा है। गुरुवार को मैच के दूसरे दिन दिग्गज खिलाड़ी का बल्ला जमकर गरजा।
गाले में दिनेश ने जड़ा छठा टेस्ट शतक
दूसरे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने दूसरे दिन दिनेश के शतक की मदद से 90 ओवर में तीन विकेट पर 306 रनों का स्कोर तैयार कर लिया। गाले के मैदान पर श्रीलंकाई बल्लेबाज द्वारा निकला यह छठा टेस्ट शतक है। अब तक इस मैदान पर खेले गए 22 मैचों में चंदीमल ने 59.51 की औसत से 1726 रन बनाए हैं। इसमें छह शतक और सात अर्द्धशतक हैं।
जयसूर्या के बराबर पहुंचे चांदीमल
34 वर्षीय बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 208 गेंदों का सामना किया और 15 चौकों की मदद से 116 रनों की दमदार पारी खेली। इस मैच में उन्होंने करियर का 16वां टेस्ट शतक जड़ा। इसी के साथ उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज क्रिकेटर सनथ जयसूर्या की बराबरी कर ली। दरअसल, जयसूर्या ने 45 बार पचास से अधिक स्कोर बनाने का कीर्तिमान स्थापित किया था। उन्होंने 110 मैचों में 45 बार पचास से ज्यादा स्कोर बनाया था। इस मुकाबले के दूसरे दिन दिनेश ने 45वीं बार 50 से अधिक रन बनाए। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 84 मुकाबलों में अपने नाम की। मालूम हो कि, श्रीलंका के लिए सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड कुमार संगकारा (90) के नाम दर्ज है। वहीं, महेला जमहेला जयवर्धने ने 84, एंजलो मैथ्यूज ने 59 और दिमुथ करुणारत्ने ने 55 बार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं। दो मैचों की सीरीज में मेजबान टीम 1-0 से आगे है।