नेस वाडिया, संजय बांगर और प्रीति जिंटा
- फोटो : BCCI
आईपीएल 2025 को लेकर अभी से ही फ्रेंचाइजी तैयारियों में जुट गई है। इतना ही नहीं बीसीसीआई भी लगातार फ्रेंचाइजी के मालिकों के साथ मीटिंग कर रहा है। इसी बीच ऐसी भी खबर आई है कि पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस आईपीएल टीम मालिकों के बीच सब ठीक नहीं है। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा, उद्योगपति मोहित बर्मन और नेस वाडिया फ्रेंचाइजी के सह-मालिक हैं।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि प्रीति जिंटा ने चंडीगढ़ उच्च न्यायालय में एक अपील दायर कर सह-मालिक मोहित बर्मन को अपने शेयरों का एक हिस्सा किसी अन्य पार्टी को बेचने से रोकने की मांग की है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि प्रीति के पास पीबीकेएस का 23 प्रतिशत हिस्सा है, जबकि मोहित बर्मन के पास 48 प्रतिशत वेंट है। नेस वाडिया के पास 23 प्रतिशत हिस्सेदारी है। बाकी शेयर करण पॉल के पास हैं।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि प्रीति जिंटा की अदालत की अपील बर्मन की अपने शेयरों का हिस्सा बेचने की कथित योजना के बारे में है। बर्मन ने अटकलों का खंडन किया है। बर्मन ने क्रिकबज से कहा, 'मेरी अपने शेयर बेचने की कोई योजना नहीं है।' आधिकारिक तौर पर, पंजाब किंग्स ने इस मुद्दे पर कुछ भी नहीं कहा है या इस मुद्दे पर कोई बयान जारी नहीं किया है।
ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रीति जिंटा ने कहा कि बर्मन के पास करीब 48 फीसदी शेयरधारिता है और वह निदेशक मंडल में भी हैं। उन्होंने मध्यस्थता और सुलह अधिनियम-1996 की धारा 9 के तहत याचिका दायर की है, जिसमें उनके और प्रतिवादी मोहित बर्मन के बीच विवादों और मतभेदों के मद्देनजर अंतरिम उपाय और निर्देश देने की मांग की गई है।
क्रिकबज की रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि उनकी व्यवस्था के अनुसार एक विशेष सह-मालिक अपने पुराने सह-मालिकों को पहले की पेशकश किए बिना किसी तीसरे पक्ष को अपना हिस्सा नहीं बेच सकता है। शेयर केवल तभी बेचे जा सकते हैं जब अन्य सह-मालिक शेयर खरीदने से इनकार कर देते हैं। पंजाब किंग्स ने अभी तक आईपीएल नहीं जीता है।