हाथ और जांघ में पट्टी के साथ बैटिंग करते रहे थे अक्षर
इसके बाद फीजियो ने उनके बाएं हाथ में कलाई के पास पट्टी बांधी थी। वह पट्टी के साथ बैटिंग करते रहे। आखिरी ओवर से पहले एक बार फिर फीजियो मैदान में आए और अक्षर की जांघ में पट्टी बांधी थी। ऐसे में वह फाइनल के लिए अनफिट दिख रहे थे। हालांकि, बीसीसीआई की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। अक्षर ने मैच के दौरान शुभमन गिल के साथ सातवें विकेट के लिए 39 रन और फिर शार्दुल ठाकुर के साथ आठवें विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई थी। हालांकि, 49वें ओवर में अक्षर आउट हो गए और टीम इंडिया की जीत की उम्मीदें भी समाप्त हो गई थीं।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया, "अक्षर इस समय कई चोटों से जूझ रहे हैं। उनकी अंगुली में भी चोट लगी है। बांग्लादेशी फील्डर के थ्रो से उनके बांह पर चोट लगी है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उनकी हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई है। इसलिए वॉशिंगटन को कवर के तौर पर बुलाया गया है।"