एक टी20 मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगने का रिकॉर्ड
बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच मुकाबले में कुल 38 छक्के लगे, जो कि किसी टी20 मैच में सबसे ज्यादा हैं। सनराइजर्स की ओर से 22 छक्के और बेंगलुरु की ओर से 16 छक्के लगे। आईपीएल 2024 में ही सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबले में 38 छक्के लगे थे। अब SRH और RCB के बीच मैच ने उस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दूसरे नंबर पर बल्ख लीजेंड्स और काबुल ज्वान (2018) के बीच मुकाबला और जमैका तलवाज और सेंट किट्स (2019) के बीच मुकाबला है। इन दोनों मैचों में 37-37 छक्के लगे थे।
किसी टी20 मैच में सबसे ज्यादा छक्के
| मैच |
छक्के |
जगह |
साल |
| सनराइजर्स हैदराबाद vs मुंबई इंडियंस |
38 |
हैदराबाद |
2024 |
| रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs सनराइजर्स हैदराबाद |
38* |
बेंगलुरु |
2024 |
| बल्ख लीजेंड्स vs काबुल ज्वान |
37 |
शारजाह |
2018 |
| जमैका तलवाज vs सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियोट्स |
37 |
बासेटेयर |
2019 |
टी20 मैच में सबसे ज्यादा बाउंड्रीज लगने का रिकॉर्ड
हैदराबाद और आरसीबी के बीच मैच में कुल 81 बाउंड्रीज लगीं जिसमें 43 चौके और 38 छक्के शामिल रहे। यह टी20 इतिहास में किसी एक मैच में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बाउंड्री लगने का रिकॉर्ड है। पिछले साल सेंचुरियन में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 मुकाबले में भी 81 बाउंड्रीज लगी थीं, जिसमें 46 चौके और 35 छक्के शामिल हैं। तीसरे नंबर पर पाकिस्तान सुपर लीग का मैच है। 2023 में ही मुल्तान सुल्तांस और क्वेटा ग्लैडिएटर्स के बीच खेले गए मुकाबले में 78 बाउंड्रीज लगी थीं। इनमें 45 चौके और 33 छक्के शामिल थे।
मैच में बने कुल 549 रन
आरसीबी और हैदराबाद के बीच इस मैच की दोनों पारियों को मिलाकर कुल 549 रन बने जो एक टी20 रिकॉर्ड है। इससे पहले किसी भी टी20 मैच में दोनों पारियां मिलाकर इतने रन नहीं बने हैं। इससे पहले भी आईपीएल के इसी सीजन में हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मैच में दोनों पारियां मिलाकर 523 रन बने थे जो टी20 इतिहास में सर्वाधिक थे, लेकिन आरसीबी और हैदराबाद के बीच मैच में यह रिकॉर्ड भी टूट गया। वहीं, तीसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच पिछले साल सेंचुरियन में खेला गया मुकाबला है, जिसमें दोनों पारियों को मिलाकर 517 रन बने थे।
किसी एक टी20 मैच में दोनों पारियों को मिलाकर सबसे ज्यादा रन
| मैच |
कुल रन |
जगह |
साल |
| रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs सनराइजर्स हैदराबाद |
549* |
बेंगलुरु |
2024 |
| सनराइजर्स हैदराबाद vs मुंबई इंडियंस |
523 |
हैदराबाद |
2024 |
| दक्षिण अफ्रीका vs वेस्टइंडीज |
517 |
सेंचुरियन |
2023 |
| मुल्तान सुल्तांस vs क्वेटा ग्लैडिएटर्स |
515 |
रावलपिंडी |
2023 |
| सरे vs मिडिलसेक्स |
506 |
द ओवल |
2023 |
आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर और एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के का रिकॉर्ड
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सनराइजर्स ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए तीन विकेट पर 287 रन बनाकर आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर बना डाला। इसी आईपीएल में उसने कुछ दिन पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाए गए तीन विकेट पर 277 रन के सर्वोच्च स्कोर को पीछे छोड़ दिया। यही नहीं यह टी20 क्रिकेट का अब तक का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। सनराइजर्स ने इस पारी में कुल 22 छक्के लगाए जो कि आईपीएल में किसी भी टीम द्वारा एक पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड आरसीबी के नाम था। उन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ बेंगलुरु में 21 छक्के लगाए थे।
मैच में क्या हुआ?
मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2024 के 30वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर 25 रन से जीत हासिल की। आरसीबी ने 288 रन के भारी भरकम लक्ष्य का पीछा करते हुए दिनेश कार्तिक के 35 गेंद में 83 रन की बदौलत सात विकेट पर 262 रन बनाए। हैदराबाद के लिए ट्रेविस हेड ने 41 गेंद में नौ चौकों और आठ छक्कों की मदद से 102 रन बनाए। हेनरिक क्लासेन ने 31 गेंद में 67 रन बनाए। हेड ने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 49 गेंद में 108, क्लासेन ने मार्करम के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 गेंद में 66 और अंत में एडिन मार्करम और अब्दुल समद ने 19 गेंद में 56 रन की अटूट साझेदारी की।