टीम इंडिया के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ की दरियादिली सामने आई है। उन्होंने अपने बाकी सहयोगी स्टाफ के बराबर पुरस्कार बोनस लेने के अपने सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए निवर्तमान मुख्य कोच ने अतिरिक्त 2.5 करोड़ रुपये लेने से इनकार कर दिया। द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से टी20 विश्व कप विजेता टीम के प्लेइंग स्क्वॉड के सदस्यों के बराबर पुरस्कार बोनस मिलना था। हालांकि, उन्होंने इससे इनकार कर दिया और उतने ही रुपये लिए, जितना उनके बाकी कोचिंग स्टाफ को मिले।
पारस, विक्रम, दिलीप और द्रविड़
- फोटो : BCCI
बीसीसीआई के एक सूत्र ने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा, 'राहुल अपने सहयोगी स्टाफ (गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे, फील्डिंग कोच टी दिलीप और बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर) के समान बोनस राशि (2.5 करोड़ रुपये) चाहते थे। हम उनकी भावनाओं का सम्मान करते हैं।' बीसीसीआई ने विजेता टीम को 125 करोड़ रुपये इनाम के तौर पर दिए थे। बोर्ड द्वारा तैयार किए गए वितरण फॉर्मूले के अनुसार, भारत की विजेता टीम के 15 सदस्य में से प्रत्येक को और द्रविड़ को 125 करोड़ पुरस्कार राशि में से पांच करोड़ रुपये मिलने थे। सहयोगी स्टाफ को 2.5 करोड़ रुपये, जबकि चयनकर्ताओं और रिजर्व टीम के सदस्यों में से प्रत्येक को एक करोड़ रुपये मिलते। हालांकि, रोहित ने पांच में से 2.5 करोड़ रुपये को लेने को मना कर दिया और बाकी सहयोगी स्टाफ की तरह 2.5 करोड़ रुपये ही स्वीकार किए।
राहुल द्रविड़
- फोटो : Screen Grab
यह पहली बार नहीं है जब द्रविड़ ने पुरस्कार बोनस में कटौती की। इससे पहले 2018 में भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने के बाद भी उन्होंने ऐसा किया था। तब द्रविड़ अंडर-19 टीम के मुख्य कोच थे। जब यह फैसला किया गया कि द्रविड़ को उनके कद के लिए 50 लाख रुपये मिलेंगे, जबकि सहयोगी स्टाफ के अन्य सदस्यों को 20-20 लाख और खिलाड़ियों को 30-30 लाख रुपये मिलेंगे, तो उन्होंने इस फॉर्मूले को मानने से मना कर दिया था। द्रविड़ चाहते थे कि बीसीसीआई सभी को समान पुरस्कार दे। इसके बाद द्रविड़ समेत कोचिंग स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 25 लाख रुपये दिए गए थे। इस तरह के गुणों के लिए और द्रविड़ ने अपने कार्यकाल में लगातार निरंतरता बनाए रखा। उनके बाकी कोचिंग स्टाफ के साथ दोस्ती शानदार रही थी।
टी20 विश्व कप 2024
- फोटो : ICC/BCCI
एक खिलाड़ी के रूप में अपनी तमाम उपलब्धियों के बावजूद कभी विश्व कप नहीं जीतने वाले द्रविड़ ने आखिरकार भारत की टी20 विश्व कप विजेता टीम के मुख्य कोच के रूप में उपलब्धि हासिल की। कप्तान रोहित शर्मा से लेकर सीनियर विराट कोहली ने जीत के जश्न में द्रविड़ को सबसे आगे ला खड़ा किया। रोहित ने ही द्रविड़ को टी20 विश्व कप में बने रहने के लिए राजी किया था। द्रविड़ ने पिछले साल वनडे विश्व कप के बाद ही अपने पद को छोड़ने का मन बना लिया था, लेकिन रोहित ने उन्हें एक और टूर्नामेंट के लिए रुकने के लिए मनाया था। द्रविड़ ने इसके लिए रोहित को शुक्रिया भी कहा है।
टी20 विश्व कप 2024
- फोटो : ICC/BCCI
रोहित ने भी मंगलवार को द्रविड़ को लेकर एक भावुक नोट लिखा। उन्होंने लिखा, 'मैं आपको लेकर अपनी भावनाओं को ठीक से व्यक्त करने के लिए सही शब्द ढूंढने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन मुझे यकीन नहीं है कि मैं कभी ऐसा कर पाऊंगा। आप इस खेल के दिग्गज हैं, लेकिन आपने अपनी सारी प्रशंसा और उपलब्धियां ड्रेसिंग रूम के दरवाजे पर छोड़ दीं और हमारे कोच के रूप में काम करते रहे और उस स्तर पर आ गए जहां हम सभी आपके बारे में कुछ भी कहने के लिए काफी सहज महसूस करते थे। इतने समय के बाद भी यह आपका उपहार, आपकी विनम्रता और इस खेल के प्रति आपका प्यार है।'