आर्सेनल की इंग्लिश प्रीमियर (ईपीएल) लीग में फिर से सर्वोच्च स्थान पर पहुंचने की उम्मीदों को वेस्ट हैम ने चकनाचूर कर दिया। वेस्टहैम के हाथों 0-2 से मिली हार के बाद लिवरपूल की ईपीएल में बढ़त कायम है। अंतिम बार आर्सेनल को ईपीएल में हार इस वर्ष मई माह में ब्राइटन के हाथों मिली थी। बीते सात माह में ईपीएल में उसकी यह पहली हार है।
दूसरे स्थान पर है आर्सेनल
वेस्ट हैम के लिए 13वें मिनट में टॉमस सौसेक और 55वें मिनट में आर्सेनल के ही पूर्व खिलाड़ी कान्स्टेंटिनोस मैवरोपानोस ने किया। वेस्ट हैम की यह जीत और भी बड़ी होती अगर स्टापेज समय के छठे मिनट में आर्सेनल के गोलकीपर डेविड राया ने सेड बेनरहमा की पेनाल्टी किक को बचाया नहीं होता। आर्सेनल को पिछले चार मैचों में सिर्फ एक जीत नसीब हुई है। वह लिवरपूल के बाद दूसरे स्थान पर है। क्रिसमस पर आर्सेनल शीर्ष पर था। अब उसे शीर्ष पर आने के लिए रविवार को फुलहम को हराना होगा। वेस्ट हैम इस जीत के बाद मैनचेस्टर यूनाइटेड की जगह पर छठे स्थान पर आ गया है।
टॉटेनहेम को भी मिली ब्राइटन से हार
वहीं, टॉटेनहेम को ब्राइटन के हाथों 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ टॉटेनहेम की शीर्ष चार में पहुंचने की संभावनाओं को करार झटका लगा है। एक समय टॉटेनहेम 0-4 से पीछे था। एलेजो बेलिज और बेन डेविस ने अंत में गोल कर स्कोर 2-4 किया। पहला हाफ में ब्राइटन 2-0 की बढ़त पर था। दूसरे हाफ में भी उसने दो गोल किए। ब्राइटन के लिए गोल जैक हिंशेलवुड (11), जोआओ पेड्रो (23, 75 पेनाल्टी), पर्विस एस्टुपिनान (63) ने किए।