भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। रविवार को उन्होंने न्यूयॉर्क के इनडोर स्टेडियम में भारतीयों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने टी20 विश्व कप का जिक्र करते हुए अमेरिकी टीम में शामिल भारतीय मूल के खिलाड़ियों की तारीफ की।
पीएम का बयान
पीएम मोदी ने कहा- अभी कुछ समय पहले ही तो यहां टी20 विश्व कप हुआ था और अमेरिका की टीम क्या गजब खेली। उस टीम में यहां रह रहे भारतीयों का जो योगदान था, वो भी दुनिया ने देखा है। पीएम मोदी के इस बयान ने अमेरिका में रह रहे भारतीयों का दिल जीत लिया।
अमेरिका की मेजबानी में खेला गया विश्व कप
इस साल जून में टी20 विश्व कप का आयोजन अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में हुआ था। अमेरिकी टीम ने पहली बार इस टूर्नामेंट में भाग लिया और अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। मोनांक पटेल की अगुआई वाली टीम ने सुपर-8 तक का सफर तय किया था। इस टीम में सात भारतीय खिलाड़ी शामिल थे। अब पीएम ने अमेरिकी क्रिकेट टीम में भारतीय मूल के खिलाड़ियों पर चर्चा की।
अमेरिकी टीम में भारतीय मूल के सात खिलाड़ी
अमेरिका की टीम में भारतीय मूल के सात खिलाड़ी शामिल थे। दिलचस्प बात यह है कि इस टीम के कप्तान मोनांक पटेल भी भारतीय मूल के हैं। उनका जन्म 1993 में गुजरात के आनंद में हुआ था। 31 वर्षीय खिलाड़ी के नेतृत्व में अमेरिकी टीम ने ग्रुप स्टेज पर पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराया था। टी20 विश्व कप 2024 में अमेरिका ने ग्रुप स्टेज पर चार मैच खेले जिनमें से दो मुकाबलों में जीत दर्ज की। वहीं, सुपर-8 में टीम एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी थी और बाहर हो गई थी।
अमेरिकी टीम में शामिल भारतीय मूल के खिलाड़ी- मोनांक पटेल (कप्तान), हरमीत सिंह, जेसी सिंह, मिलिंद कुमार, निसर्ग पटेल, नितीश कुमार और सौरभ नेत्रवलकर।