ईडन गार्डन स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को हुए विश्वकप क्रिकेट मुकाबले की टिकटों की कालाबाजारी के आरोपों के बीच कोलकाता पुलिस ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) अध्यक्ष रोजर बिन्नी को नोटिस जारी कर मुकाबले के टिकटों की बिक्री के बारे में जानकारी मांगी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार देर शाम जारी किए गए नोटिस में बीसीसीआई अध्यक्ष से मैदान पुलिस थाने के अधिकारी को दस्तावेज जमा करने के लिए कहा गया है जो टिकटों की कालाबाजारी के संबंध में शिकायतों की जांच कर रहे हैं।
विज्ञापन
अधिकारी ने कहा, बीसीसीआई अध्यक्ष को एक नोटिस भेजा गया है जिसमें उनसे व्यक्तिगत या अपने संगठन के किसी सक्षम व्यक्ति के माध्यम से टिकटों की बिक्री के संबंध में प्रासंगिक दस्तावेज मांगे गए हैं। इन दस्तावेजों को मंगलवार को मैदान पुलिस थाने के जांच अधिकारी को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।