आईपीएल 2020 पर संकट के बादल बरकरार है
- फोटो : ट्विटर
वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज माइकल होल्डिंग का मानना है कि अगर ऑस्ट्रेलिया में प्रस्तावित T-20 वर्ल्ड कप को स्थगित कर दिया जाता है तो बीसीसीआई को इस साल के अंत में इंडियन प्रीमियर लीग को आयोजित करने का पूरा अधिकार है।
ऐसी अटकलें हैं कि कोविड-19 महामारी के कारण 18 अक्तूबर से 15 नवंबर के बीच प्रस्तावित T-20 वर्ल्ड कप को स्थगित किया जा सकता है। बीसीसीआई इस दौरान आईपीएल आयोजित करने की योजना पर काम कर सकता है।
होल्डिंग ने इंस्टाग्राम पर निखिल नाज से बातचीत में कहा, 'मुझे नहीं लगता कि आईसीसी इस मकसद से टी-20 विश्व कप में देरी करेगा कि आईपीएल के लिए जगह बना सके। यह ऑस्ट्रेलियाई सरकार का कानून है, जहां वे किसी निश्चित तारीख से पहले किसी को भी देश में आने की अनुमति नहीं देंगे।'
उन्होंने कहा, 'अगर टी-20 विश्व कप का आयोजन तय समय पर नहीं होता है तो बीसीसीआई के पास इस घरेलू टूर्नमेंट को आयोजित करने का पूरा अधिकार है।'
होल्डिंग का मानना है कि एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की प्रासंगिकता को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बावजूद यह प्रारूप बना रहेगा क्योंकि इससे अब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को काफी वित्तीय लाभ होता है। होल्डिंग को लगता है कि आईसीसी कभी 50 ओवरों की क्रिकेट को हटाना चाहेगी क्योंकि जहां तक टीवी अधिकारों का सवाल है तो इससे उसकी सबसे अधिक कमाई होती है। इससे उसकी कमाई में भारी गिरावट आएगी। होल्डिंग टी-20 के प्रशंसकों में शामिल नहीं हैं और उन्होंने कहा कि अब खेल को और छोटा बनाने से रोकना चाहिए।
थूक या लार के इस्तेमाल पर जहां बैन लग सकता है तो पसीने का उपयोग बरकरार रहेगा
- फोटो : सोशल मीडिया
तेज गेंदबाज से कमेंटेटर बने होल्डिंग को लगता है कि गेंद को चमकाने के लिए लार का उपयोग प्रतिबंधित करने की आईसीसी क्रिकेट समिति की सिफारिशों से किसी तरह की व्यावहारिक परेशानी नहीं आएगी।
उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि लार पर प्रतिबंध गंभीर समस्या है। समस्या है कि इस प्रतिबंध के बाद क्रिकेटरों को इससे सामंजस्य बिठाने में थोड़ा समय लगेगा। यह स्वाभाविक है कि जब आप मैदान पर होते हैं और आपको गेंद चमकानी होती है तो आप उस पर लार लगाते हो। होल्डिंग का मानना है कि पसीना भी गेंद को चमकाने में लार की तरह प्रभावशाली हो सकता है।
उन्होंने कहा, ‘आपको गेंद पर नमी ही तो लानी है और आप पसीने से भी उसे हासिल कर सकते हो। आपको लार का उपयोग करने की जरूरत नहीं है। आपके हाथ या माथे का पसीना भी लार की तरह ही काम कर सकता है और मैंने किसी से यह नहीं सुना है कि पसीने से कोविड-19 फैल सकता है।'