नीतीश राणा के शॉट से कैमरे का लेंस टूट गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
कोलकाता की टीम ने यूएई में अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए सीजन का छठवां मैच जीत लिया है। यह टीम अब प्लेऑफ में पहुंचने से एक जीत दूर है। हैदराबाद के खिलाफ इस मैच में कोलकाता के ओपनर शुमन गिल ने शानदार अर्धशतक लगाया और अपनी टीम की जीत की नींव रखी। उनके अलावा नीतीश राणा ने 25 रनों की जिम्मेदारी भरी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने काफी धीमी बल्लेबाजी की लेकिन उनके एक शॉट ने बाउंड्री के बाहर रखा कैमरा तोड़ दिया। उनके इस शॉट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कोलकाता की पारी के 18वें ओवर में हैदराबाद के लिए जेसन होल्डर गेंदबाजी कर रहे थे। नीतीश स्ट्राइक पर थे और उन्होंने होल्डर की छोटी गेंद पर शानदार पुल शॉट खेला। गेंद मिडविकेट की दिशा में गई और राशिद खान उसे पकड़ने के लिए भागे। राशिद गेंद तक नहीं पहुंच सके और यह गेंद जाकर सीधे बाउंड्री के बाहर रखे कैमरा पर लगी। इससे कैमरे का लेंस टूट गया। वहीं नीतीश के इस चौके की मदद से कोलकाता जीत के और करीब पहुंच गई। हालांकि इसी ओवर की आखिरी गेंद पर नीतीश आउट भी हो गए। इसके बाद दिनेश कार्तिक और कप्तान मार्गन ने मैच खत्म किया।