नसुम अहमद (4 विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर बांग्लादेश ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ा उलटफेर किया। ढाका के शेरे बांग्ला स्टेडियम में खेले गए पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हरा दिया। इसी के साथ पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। टॉस हारतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान बांग्लादेश ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 108 रन पर ही ऑलआउट हो गई। बांग्लादेश की तरफ से अहमद ने 19 रन देकर चार विकेट झटके। इस शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अगर मैच की बात करें तो, पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 15 रन के स्कोर पर सौम्य सरकार (2) के रूप में पहला विकेट गिरा। इसके बाद मोहम्मद नइम ने शाकिब अल हसन के साथ मिलकर स्कोर को आगे बढ़ाया। मगर दोनों के बीच 22 रनों की साझेदारी हुई थी कि नइम (30) जांपा का शिकार होकर पवेलियन लौट गए। वहीं, तीसरे विकेट के लिए महमुदुल्लाह और शाकिब (36) के बीच तीसरे विकेट लिए 36 रन का साझेदारी हुई। इस तरह 104 रन के स्कोर पर बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जोश हेजलवुड ने 24 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि मिशेल स्टार्क को दो विकेट मिले।
वहीं, बांग्लादेश के 131 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ओवर की पहली गेंद पर एलेक्स केरी गोल्डन डक का शिकार हो गए। उन्हें मेहदी हसन ने पवेलियन भेजा। मिशेल स्टार्क (45) को छड़कर कोई भी कंगारू बल्लेबाज का बल्ला नहीं चला। नसुम अहमद के आगे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज घुटने टेकते नजर आए।