मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद प्लेइंग 11
- फोटो : अमर उजाला
आत्मविश्वास से भरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सोमवार को यहां खराब फॉर्म से जूझ रहे मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत के साथ आईपीएल की अंक तालिका में आगे बढ़ने की कोशिश करेगी। दूसरी ओर, पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की प्लेइंग-11 में रोहित शर्मा की वापसी हो सकती है जो पिछले मैच में इंपैक्ट सब के तौर पर खेलने उतरे थे। पिछले मैच के बाद मुंबई के स्पिनर पीयूष चावला ने बताया था कि रोहित पीठ में जकड़ने के कारण प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे। हालांकि, रोहित अब फिट बताए जा रहे हैं, जिससे उनके हैदराबाद के खिलाफ टीम में शामिल होने की उम्मीद है।
भुवनेश्वर और नटराजन, कमिंस
- फोटो : IPL/BCCI
हैदराबाद को गेंदबाजी में करना होगा सुधार
10 मैच में छह जीत और चार हार से 12 अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर मौजूद सनराइजर्स की टीम ऑलराउंड प्रदर्शन करने और विशेष रूप से अपने गेंदबाजी विभाग में सुधार करने के लिए बेताब होगी। वानखेड़े की पिच अगर बल्लेबाजी के अनुकूल होती है तो सनराइजर्स के बल्लेबाजों के एक बार फिर बड़ा स्कोर खड़ा करने की उम्मीद है जो वे मौजूदा सत्र में कई बार कर चुके हैं। यहां की पिचें आम तौर पर बल्लेबाजी के अनुकूल होती हैं और छोटी बाउंड्री के कारण 200 से अधिक का स्कोर बनना आम बात है। पिछले शुक्रवार को हालांकि मुंबई और केकेआर के बीच धीमी पिच पर मुकाबला हुआ जिसमें बल्लेबाजों को जूझना पड़ा। सनराइजर्स की टीम पिछले मैच में शीर्ष पर चल रहे रॉयल्स को एक रन से हराकर आत्मविश्वास से भरी होगी।
ट्रेविस हेड
- फोटो : PTI
ट्रेविड हेड पर रहेगी नजरें
ट्रेविस हेड (396 रन), अभिषेक शर्मा (315) और हेनरिक क्लासेन (337) सनराइजर्स के लिए लगातार रन बना रहे हैं लेकिन दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्कराम से टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। नीतीश कुमार रेड्डी (219 रन) ने पिछले कुछ मुकाबलों में अच्छी बल्लेबाजी करने अन्य बल्लेबाजों के ऊपर से दबाव कम किया है। टी नटराजन (15 विकेट) की सटीक गेंदबाजी सनराइजर्स के लिए महत्वपूर्ण होगी। बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज पर्पल कैप के लिए मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह (17 विकेट) को चुनौती दे रहा है।
रोहित शर्मा
- फोटो : IPL/BCCI
रोहित-सूर्यकुमार को देना होगा ध्यान
मुंबई के 11 मैच में तीन जीत से सिर्फ छह अंक हैं और टीम प्ले ऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। हालांकि सब कुछ खत्म नहीं हुआ है क्योंकि आगामी टी20 विश्व कप के लिए मुंबई के प्रमुख भारतीय खिलाड़ी रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या अपने व्यक्तिगत फॉर्म पर ध्यान देंगे। रोहित की हर हाल में आक्रामक होकर बल्लेबाजी करने की रणनीति काफी सफल नहीं रही है जबकि दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार की नजरें केकेआर के खिलाफ अर्धशतक के बाद प्रदर्शन में निरंतरता पर टिकी होंगी। भारतीय उपकप्तान पांड्या को बल्ले और गेंद दोनों के साथ अपनी सामान्य फॉर्म तथा मुंबई के कप्तान के रूप में मैदान पर अपने फैसलों के कारण लगातार आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
मुंबई इंडियंसः रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), टिम डेविड, नेहाल वढेरा, रोमारियो शेफर्ड, गेराल्ड कोएट्जे, पीयूष चावला, जसप्रीत बुमराह।
सनराइजर्स हैदराबादः ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनमोलप्रीत सिंह, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मार्को जेनसेन, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, टी. नटराजन।
आइए जानते हैं आईपीएल के 17वें सीजन के 55वें मैच के प्रसारण और ऑनलाइन टेलीकास्ट से जुड़ी सारी जानकारी...
कब है मुंबई और हैदराबाद के बीच सीजन का 55वां मुकाबला?
मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2024 का 55वां मुकाबला छह मई यानी सोमवार को खेला जाएगा।
कहां खेला जाएगा मुंबई और हैदराबाद के बीच सीजन का 55वां मैच?
मुंबई और हैदराबाद के बीच लीग का 55वां मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
कब शुरू होगा मुंबई और हैदराबाद के बीच मैच?
मुंबई और हैदराबाद के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। टॉस उससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा।
कौन से टीवी चैनल पर प्रसारित होगा मैच?
स्टार स्पोर्ट्स के पास इंडियन प्रीमियर लीग के प्रसारण के अधिकार हैं। अंग्रेजी में लाइव कमेंट्री स्टार स्पोर्ट्स 1 एचडी/एसडी पर और हिंदी कमेंट्री स्टार स्पोर्ट्स हिंदी एचडी/एसडी पर उपलब्ध होगी। स्टार स्पोर्ट्स चैनल हिंदी और अंग्रेजी के अलावा कई अन्य भाषाओं में लाइव कमेंट्री प्रदान करेगा।
फोन या लैपटॉप पर कैसे देख सकते हैं लाइव मैच?
इस मैच की लाइव-स्ट्रीमिंग भारत में जियो सिनेमा (Jio Cinema) एप पर देखी जा सकती है। इसके अलावा आप मैच से जुड़ी खबरें, लाइव अपडेट्स और रिकॉर्ड्स www.amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।
फ्री में कैसे देख सकते हैं लाइव मैच?
जियो सिनेमा में इस मैच का प्रसारण हो रहा है। इस एप में लाइव मैच देखने के लिए आपको किसी तरह का शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है। आप अपने फोन में जियो सिनेमा एप इंस्टॉल करके फ्री में आईपीएल का यह मुकाबला देख सकते हैं।