लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) का दूसरा सीजन 30 जुलाई से 22 अगस्त के बीच खेला जाएगा। श्रीलंका क्रिकेट ने मंगलवार को बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी। यह टूर्नामेंट जैव-सुरक्षित वातावरण (बायो-बबल) में आयोजित किया जाएगा। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के बयान के मुताबिक, 'एसएलसी यह दोहराना चाहता है कि पहले की घोषणा के मुताबिक लंका प्रीमियर लीग का दूसरा सत्र जुलाई और अगस्त 2021 के दौरान आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट 30 जुलाई से 22 अगस्त 2021 तक आयोजित किया जाएगा।'
उन्होंने बताया, 'पिछले सत्र (2020) को बायो-बबल में खेला गया था। एलपीएल के दूसरे सत्र के लिए स्वास्थ्य प्रोटोकॉल की योजना स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशों के आधार पर बनाई जाएगी।' बता दें कि लंका प्रीमियर लीग का पहला सीजन हम्बंटोटा में आयोजित हुआ था, जिसमें पांच टीमों ने भाग लिया था। पहले सीजन में थिसारा परेरा की कप्तानी में जाफना स्टैलियंस ने गाले ग्लैडिएटर्स को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।