साउथम्प्टन में तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड के विशाल स्कोर के जवाब में शीर्ष बल्लेबाजों की नाकामी से टीम इंडिया संघर्ष कर रही है और अब उस पर फॉलोआन का खतरा मंडरा रहा है।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 8 विकेट पर 323 रन बना लिए थे क्रीज पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (50) और मोहम्मद शमी (4) खेल रहे थे। भारत पहली पारी के आधार पर अभी 246 रन पीछे है।
भारत की ओर से अजिंक्य रहाणे ने सर्वाधिक 54 रन बनाए। जबकि रवींद्र जडेजा ने 31 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड ने 3-3 विकेट झटके। मेजबान इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी 7 विकेट पर 569 रन बनाकर घोषित कर दी थी।
पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत 1-0 से आगे है। नॉटिंघम में खेला गया पहला मैच बराबरी पर खत्म हुआ था। जबकि लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे मैच में भारत ने जीत हासिल की थी।
पुजारा और मुरली बड़ी पारी खेलने से चूके
रोज बाउल में मंगलवार सुबह मुरली विजय और चेतेश्वर पुजारा भारतीय पारी को एक विकेट पर 25 रन से आगे बढ़ाने उतरे। टीम इंडिया को दिन का पहला झटका स्टुअर्ट ब्रॉड ने दिया।
24 के निजी स्कोर पर पुजारा ब्रॉड की गेंद पर अपना कैच विकेटकीपर बटलर को थमा बैठे। इसके बाद ब्रॉड ने मुरली को क्लीन बोल्ड कर टीम इंडिया को तीसरा झटका दिया। मुरली 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
विराट कोहली एक बार फिर फेल हुए। उन्हें जेम्स एंडरसन ने पवेलियन की राह दिखाई। 39 के निजी स्कोर पर विराट एलिस्टर कुक के हाथों लपके गए। हालांकि कोहली ने विजय के साथ चौथे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर सौ के पार ले जाने में सफल रहे थे।
रहाणे ने रोहित संग की अर्धशतकीय साझेदारी
इंग्लैंड के विशाल स्कोर के आगे भारतीय बल्लेबाजों को बड़ी पारियां खेलनी थी लेकिन टीम इंडिया के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज इसमें नाकाम रहे।
भारत का स्कोर एक समय 4 विकेट पर 136 रन हो था। लेकिन यहां से अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के तेज आक्रमण का डटकर सामना किया और पांचवें विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी कर टीम को दो सौ के पार पहुंचा दिया।
इस बीच लॉर्ड्स में शतक से चूकने वाले रहाणे ने करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया। हालांकि रोहित भी सस्ते में आउट हो गए। वह 28 रन के निजी स्कोर पर मोइन अली की गेंद पर कैच आउट हुए।
मजबूत स्थिति में दिख रहा इंग्लैंड
इससे पहले तीसरे टेस्ट का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड मजबूत स्थिति में दिख रहा था। मेजबान इंग्लैंड ने गैरी बैलेंस और इयान बेल के शतकों के बूते इंग्लैंड ने टी-ब्रेक के बाद अपनी पहली पारी 7 विकेट पर 569 रनों पर घोषित कर दी थी।
बैलेंस ने 156 रन बनाए। जबकि लंबे समय बाद इयान बेल शतक लगाने में कामयाब रहे और उन्होंने 167 रनों का योगदान दिया।
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 101 रन देकर 3 विकेट चटकाए।