भारत ने बुधवार को अपना 73वां गणतंत्र दिवस मनाया। इस साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिन को खास बनाते हुए कई विदेशी क्रिकेटरों को चिट्ठी लिखी। इसमें वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन शामिल हैं। अब पीटरसन ने प्रधानमंत्री मोदी के चिट्ठी को सोशल मीडिया पर शेयर किया है और हिंदी में आभार जताया है।
पीटरसन ने जवाब में क्या लिखा?
पीटरसन ने लिखा- आदरणीय मोदी जी, मुझे लिखे गए आपके पत्र में अविश्वसनीय रूप से दयालु शब्दों के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। 2003 में भारत में कदम रखने के बाद से, मुझे हर यात्रा पर आपके देश से प्यार हो गया है। भारत के वन्यजीवों की रक्षा के लिए आप जो कुछ भी कर रहे हैं, उसके लिए आपको धन्यवाद देने के लिए मैं आपसे जल्द ही व्यक्तिगत रूप से मिलने का इंतजार नहीं कर सकता।
प्रधानमंभी ने पीटरसन को चिट्ठी में क्या लिखा था?
पीटरसन ने प्रधानमंत्री मोदी की जो चिठ्ठी इंस्टाग्राम पर शेयर की है, उसमें लिखा है- डियर मिस्टर, केविन पीटरसन, भारत से नमस्ते! हम हर साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाते हैं। यह वो दिन है जब भारत का संविधान लागू हुआ। मैं आपको गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देता हूं।
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा- इस साल 26 जनवरी हमारे लिए बेहद खास है, क्योंकि इस साल भारत की आजादी के 75 साल भी पूरे हो रहे हैं। इसलिए मैंने आपको और भारत के कुछ दूसरे दोस्तों को इस देश के प्रति लगाव रखने के लिए चिट्ठी लिखने का फैसला किया है। मैं उम्मीद करता हूं कि आप हमारे देश और हमारे लोगों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा- क्रिकेट मैदान पर आपके द्वारा हासिल की गई उपलब्धियां आज भी हमारे जहन में ताजा है। आपका भारत और यहां के लोगों के साथ जुड़ाव वाकई शानदार है। मैं आपके हिंदी में किए गए ट्वीट का काफी आनंद उठाता हूं। मैं आपको एक बार फिर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देता हूं और भविष्य में आपसे मुलाकात का इंतजार रहेगा।
लीजेंड्स क्रिकेट लीग खेल रहे पीटरसन
41 साल के पीटसरन फिलहाल ओमान के मस्कट में चल रही लीजेंड्स क्रिकेट लीग में व्यस्त हैं। पीटरसन वर्ल्ड जाएंट्स टीम के हिस्सा हैं। इस लीग में तीन टीमें खेल रही हैं। वर्ल्ड जाएंट्स के अलावा एशिया लायंस और इंडिया महाराजा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
हाल ही में पीटरसन ने एशिया लायंस के खिलाफ 38 गेंदों पर 86 रन की तूफानी पारी खेली थी। अपनी इस पारी में पीटरसन ने सात छक्के और नौ चौके लगाए थे। उन्होंने श्रीलंका के पूर्व ऑल राउंडर सनथ जयसूर्या के एक ओवर में 30 रन भी जड़े थे।