बाएं हाथ के स्पिनर जॉन हॉलैंड (6/81) के दूसरी पारी में किए दमदार प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया-ए ने दो अनौपचारिक चार दिवसीय मैचों की सीरीज के पहले मैच में बुधवार को भारत-ए को 98 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली।
भारत-ए को दूसरी पारी में जीत के लिए 262 रन का लक्ष्य मिला था लेकिन टीम ने हॉलैंड की फिरकी में फंस कर घुटने टेक दिए और 59.3 ओवर में 163 रन पर ऑल आउट हो गई। हॉलैंड ने पहली पारी में भी तीन विकेट लिए थे। मैच में उन्होंने नौ विकेट लिए और आठ विकेट लेने के अपने प्रदर्शन को पीछे छोड़ा। भारत-ए के लिए सिर्फ मयंक अग्रवाल ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सामना कर सके। उन्होंने 189 गेंद की पारी में-एक छक्का और 9 चौकों की मदद से 80 रन बनाए।
भारत-ए ने दिन की शुरुआत 2 विकेट पर 63 रन से आगे से की। सलामी बल्लेबाज मयंक और पहली पारी में नाबाद 91 रन बनाने वाले अंकित बावने (25) ने टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया, लेकिन पारी के 38वें ओवर में हॉलैंड ने बावने को बोल्ड कर 73 रन की इस साझेदारी को तोड़ा। इस साझेदारी के टूटने के बाद भारत-ए की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। भारतीय पारी में चार बल्लेबाज खाता खोलने में भी नाकाम रहे।