इंडियन प्रीमियर लीग का अगला संस्करण आईपीएल 2022 में दो नई फ्रेंचाइजी के जुड़ने के साथ ज्यादा मनोरंजक होने की उम्मीद है। 10 टीमों के आईपीएल में इस साल भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को नीलामी भी होगी। वेस्टइंडीज के पूर्व धुआंधार ऑलराउंडर और कई साल तक आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने वाले ड्वेन ब्रावो मेगा ऑक्शन में शामिल हो सकते हैं। मौजूदा समय में ब्रावो सीएसके का हिस्सा हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2022 में एमएस धोनी, रवींद्र जडेजा और रुतुराज गायकवाड़ को रिटेन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। ऐसे में ब्रावो का रिलीज होना तय है। अगर चेन्नई की टीम ब्रावो को रिलीज करते है तो मेगा ऑक्शन में उननपर कई टीमें दांव लगा सकती हैं। आइए आपको उन तीन फ्रेंचाइजी के बारे में बताते हैं जो ब्रावो को सबसे पहले अपने दल में शामिल करना चाहेंगी।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
एबी डीविलियर्स के क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम कमजोर दिख रही है। उसे डीविलियिर्स की भरपाई करनी होगी। आरसीबी के पास कई शानदार बल्लेबाज और गेंदबाज हैं। लेकिन उनकी टीम में अनुभवी ऑलराउंडर की कमी है। ड्वेन ब्रावो दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं जिन्होंने सबसे ज्यादा टी-20 खिताब जीते हैं। ऐसे में आरसीबी अगले सीजन में ओवरसीज खिलाड़ी के तौर पर ब्रावो को टीम में शामिल कर सकता है।
सनराइजर्स हैदराबाद
आईपीएल मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद दूसरी टीम है जो ड्वेन ब्रावो पर दांव लगा सकती है। साल 2021 आईपीएल में सनराइजर्स का प्रदर्शन बेहद शर्मनाक रहा। टीम 14 मैचों में से सिर्फ तीन मुकाबले जीत पाई। शुरुआत में टीम की कप्तानी करने वाले डेविड वार्नर को भी मैनेजमेंट ने हटा दिया। अब, टीम में अपने विदेशी दल को मजबूत करने के लिए सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल 2022 की नीलामी में ड्वेन ब्रावो को टारगेट कर सकती है। डेथ ओवरों में गेंदबाजी करने और बैटिंग क्रम में बड़े शॉट मारने की महारथ रखने वाले ब्रावो किसी भी टीम के लिए एक कुशल ऑलराउंडर साबित हो सकते हैं।
राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान रॉयल्स तीसरी ऐसी फ्रेंचाइजी है जो मेगा ऑक्शन में ड्वेन ब्रावो को अपनी टीम में शामिल करना चाहेगी। साल 2021 के लिए राजस्थान रायल्स ने 16.25 करोड़ की भारी भरकम धनराशि खर्च करके क्रिस मौरिस को खरीदा था लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से टीम को निराश किया। ऐसे में फ्रेंचाइजी मौरिस को आईपीएल 2022 के ऑक्शन से पहले रिलीज करना चाहेगी। राजस्थान रॉयल्स को टीम में क्रिस मॉरिस की जगह लेने के लिए एक शानदार ऑलराउंडर की आवश्यकता होगी और ब्रावो इसके लिए एक आदर्श विकल्प हो सकते हैंं।