आईपीएल का 17वां सीजन शुरू में अब कुछ ही समय शेष रह गया है और सभी खिलाड़ी इसकी तैयारियों में पूरी तरह जुट गए हैं। कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं जो चोट के कारण लंबे समय से मैदान से बाहर चल रहे हैं और जल्द ही वापसी के लिए तैयार हैं। मुंबई इंडियंस भी उन टीमों में शामिल है जिसके कुछ खिलाड़ी चोट की समस्या से जूझ रहे हैं और उनके शुरुआती कुछ मैचों बाहर रहने की संभावना है।
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव चोटिल होने के कारण लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे हैं और सभी को इंतजार था कि मिस्टर 360 डिग्री के नाम से प्रसिद्ध यह विस्फोटक बल्लेबाज आईपीएल में अपनी चमक बिखेरेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सूर्यकुमार गुजरात टाइटंस के खिलाफ 24 मार्च को होने वाले मुंबई इंडियंस के पहले मैच के लिए फिट नहीं हो पाए हैं। सूर्यकुमार की इस साल की शुरुआत में टखने की सर्जरी हुई थी और वह तब से इससे उबर रहे हैं।
बाउचर ने फिटनेस को लेकर नहीं दी पुख्ता जानकारी
मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच मार्क बाउचर ने सूर्यकुमार यादव की फिटनेस को लेकर कोई पुख्ता जानकार नहीं दी है। उन्होंने इस बात की भी पुष्टि नहीं कि सूर्यकुमार को बीसीसीआई की मेडिकल टीम से फिट घोषित किया गया है या नहीं। मुंबई को अहमदाबाद जाने से पहले सोमवार और बुधवार को दो वॉर्म अप मैच खेलने हैं और सूर्यकुमार यादव यह दोनों ही मैच नहीं खेल पाएंगे। बाउचर ने सोमवार को मुंबई इंडियंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, सूर्यकुमार इस वक्त भारतीय टीम की निगरानी में भी हैं। हम भी अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। मैं माइक्रोमैनेज पसंद नहीं करता। हमारे पास विश्व स्तरीय मेडिकल टीम है। पहले कुछ फिटनेस समस्याएं थी और हम हमेशा इसे दूर करने की कोशिश करते हैं। मुझे हमारे मेडिकल टीम पर भरोसा है कि वे सही चीजें करेंगी।
दिसंबर में सूर्यकुमार ने खेला था आखिरी मैच
सूर्यकुमार यादव पिछले साल दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गई भारत की सीमित ओवरों की टीम का हिस्सा थे। जोहानिसबर्ग में खेले गए तीसरे टी20 मैच के दौरान सूर्यकुमार का टखना चोटिल हो गया था। सूर्यकुमार ने उस मैच में 56 गेंदों पर 100 रनों की पारी खेली थी। चोटिल होने के बाद उनकी दो सर्जरी की गई। पहली टखने की और फिर स्पोर्ट्स हर्निया की। इससे उबरने में उन्हें समय लगा और वह जनवरी में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई घरेलू टी20 सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सके।