आईपीएल का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने भी इस सीजन के लिए पूरी तैयारी कर ली है। मुंबई के कुछ खिलाड़ी हालांकि चोट की समस्या से जूझ रहे हैं। टीम के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव भी लबे समय से मैदान से बाहर चल रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया था कि सूर्यकुमार शुरुआती मैच से बाहर हो सकते हैं, लेकिन अब खुद सूर्यकुमार ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की है जिससे यह संकेत मिल रहा है कि सूर्यकुमार फिलहाल मैदान पर वापसी के लिए पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं।
सूर्यकुमार की हुई थी दो सर्जरी
सूर्यकुमार यादव पिछले साल दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गई भारत की सीमित ओवरों की टीम का हिस्सा थे। जोहानिसबर्ग में खेले गए तीसरे टी20 मैच के दौरान सूर्यकुमार का टखना चोटिल हो गया था। इसके कारण सूर्यकुमार को टखने की सर्जरी करानी पड़ी थी जिसके बाद उनका स्पोर्ट्स हर्निया का भी ऑपरेशन हुआ था। सूर्यकुमार तभी से इससे उबरने की कोशिश कर रहे हैं। सभी को उम्मीद थी कि सूर्यकुमार 24 मार्च को मुंबई इंडियंस के गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले पहले मैच से मैदान पर वापसी करेंगे, लेकिन मीडिया रिपोर्ट की मानें तो सूर्यकुमार का शुरुआती मैच से वापसी करना संभव नहीं है।
इंस्टाग्राम पोस्ट ने बढ़ाई बैचेनी
सूर्यकुमार की फिटनेस को लेकर सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच मार्क बाउचर ने भी कुछ स्पष्ट नहीं बताया था। उनका कहना है कि मुंबई की टीम बीसीसीआई की मेडिकल टीम से सूर्यकुमार को लेकर अपडेट मिलने का इंतजार कर रही है। इस बीच, सूर्यकुमार यादव ने अपने इंस्टाग्राम पर एक दिल टूटने की इमोजी पोस्ट की जिससे फैंस की बैचेनी बढ़ गई है। इसके मायने यही निकाले जा रहे हैं कि शायद सूर्यकुमार समय से वापसी नहीं कर पाने के कारण निराश हैं। उनके पोस्ट से सूर्यकुमार के कुछ मैचों से बाहर रहने की खबरों को बल मिला है।
सूर्यकुमार का उपलब्ध ना होना मुंबई के लिए चिंता का विषय
मिस्टर 360 डिग्री के नाम से मशहूर सूर्यकुमार यादव अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। डेथ ओवरों की सूर्यकुमार जिस तरह बल्लेबाजी करते हैं वो टीम के काफी काम आता है। सूर्यकुमार यादव अगर समय से वापसी नहीं कर सके तो यह पांच बार की चैंपियन मुंबई टीम के लिए चिंता का विषय हो सकता है। मुंबई की टीम हार्दिक पांड्या की कप्तानी में खेलने उतरेगी, लेकिन आईपीएल शुरू होने से पहले ही उसके लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।