मुंबई टीम को पांच बार अपनी कप्तानी में खिताब दिलाने वाले रोहित शर्मा हार्दिक के नेतृत्व में उतरेंगे। आईपीएल नीलामी के बाद मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को टीम की कमान सौंपी थी।
मुंबई इंडियन आईपीएल 2024 में नए कप्तान हार्दिक पांड्या की कप्तानी में खेलने उतरेगी। टीम को पांच बार अपनी कप्तानी में खिताब दिलाने वाले रोहित शर्मा हार्दिक के नेतृत्व में उतरेंगे। आईपीएल नीलामी के बाद मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को टीम की कमान सौंपी थी। इस मामले पर हालांकि काफी विवाद उठा था और कई लोगों ने इस फैसले की आलोचना की थी। अब आईपीएल का मौजूदा सत्र शुरू होने को है और सभी टीमों ने इसके लिए कमर कस ली है। इस बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेन स्टेन ने भी हार्दिक को कप्तानी सौंपने पर अपनी राय रखी है। उनका कहना है कि मुंबई के लिए रोहित को हटाकर हार्दिक को कप्तानी देना चुनौतीपूर्ण होगा।
विज्ञापन
स्टेन ने कहा, मुंबई छोड़ना और फिर उस टीम में आना। मेरे ख्याल से यह चुनौतीपूर्ण होगा। मुझे उम्मीद है कि आईपीएल से एक महीने उनका कैंप हुआ होगा जिससे अगर कुछ दिक्कत रही होगी तो वो पहले मैच से पहले सुलझ जाएगी। हालांकि, स्टेन को उम्मीद है कि रोहित और हार्दिक के साथ ही सभी लोग मामले को पेशेवर तरीके से निपटेंगे। उन्होंने कहा, आपके पास बड़ी हस्तियां हैं, ऐसे लोग जिन्होंने पहले निर्णय लेने का किया और अब एक अलग भूमिका में है। यह ऐसी चीज हो सकती है जिसे हम शायद नहीं जानते हैं, लेकिन ये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अपने अंहकार को दूर रखना जानते हैं। मुझे लगता है कि मंबई चीजों को संभाल लेगा।
हार्दिक ने दो साल गुजरात का किया प्रतिनिधित्व
हार्दिक पांड्या पहले भी मुंबई इंडियंस के लिए खेलते थे, लेकिन 2022 में दो नई टीमें आने के बाद हार्दिक मुंबई छोड़कर गुजरात टाइंटस के लिए खेलने लगे। गुजरात फ्रेंचाइजी ने हार्दिक को कप्तान नियुक्त किया और इस टीम ने अपने पहले ही सीजन में विजेता बनकर सभी को चौंका दिया। हार्दिक के नेतृत्व में गुजरात की टीम पिछले सत्र की उपविजेता रही। हार्दिक की अगुआई में गुजरात का प्रदर्शन पिछले दो वर्षों में बेहद शानदार रहा। हालांकि, इससे प्रभावित होकर उनकी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस ने नाटकीय अंदाज में हार्दिक को दोबारा टीम में शामिल कराया।