फाफ डुप्लेसिस की अगुआई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम ने रविवार को होम ग्राउंड पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज कर प्लेऑफ में जाने की अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं। यह आरसीबी की लगातार पांचवीं जीत है और उसने खराब शुरुआत के बाद जबरदस्त वापसी की है। आरसीबी ने इस सीजन की शुरुआत अच्छी तरह नहीं की थी और लगातार छह मैच हारे थे जिससे उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना धूमिल हो गई थी। हालांकि, आरसीबी ने लगातार हार के बाद अपने खेल के तरीके को बदला और जीत की पटरी पर लौटने में सफल रही।
जश्न मनाते आरसीबी टीम के खिलाड़ी
- फोटो : IPL
मैच में क्या हुआ?
आईपीएल 2024 के 62वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हरा दिया। यह आरसीबी की लगातार पांचवीं जीत रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 187 रन बनाए थे। रजत पाटीदार ने 32 गेंद में 52 रन और विल जैक्स ने 29 गेंद में 41 रन की पारी खेली थी। विराट कोहली ने 27 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम 19.1 ओवर में 140 रन पर सिमट गई। ऋषभ पंत की जगह मैच में कप्तानी कर रहे अक्षर पटेल ने 39 गेंद में 57 रन बनाए। यश दयाल ने तीन और लोकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट झटके।
विराट कोहली और यश दयाल
- फोटो : IPL
प्लेऑफ की दौड़ में बरकरार आरसीबी
टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बरकरार है। उसके 13 मैचों के बाद छह जीत और सात हार के साथ 12 अंक हैं। दिल्ली पर जीत के साथ टीम पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। बेंगलुरु को आखिरी मैच 18 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चिन्नास्वामी में ही खेलना है। इस मैच पर दोनों ही टीमों की किस्मत निर्भर होगी। चेन्नई की जीत पर आरसीबी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। वहीं, अगर बेंगलुरु जीतती है तो उसे अच्छें अंतर से जीत हासिल करनी होगी, ताकि नेट रन रेट चेन्नई से बेहतर हो सके। इसके बाद भी बेंगलुरु को अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
जीत के बाद भावनाओं पर काबू नहीं रखे खिलाड़ी
दिल्ली के खिलाफ मिली जीत आरसीबी के लिए किसी जीवनदान से कम नहीं थी। अगर टीम दिल्ली के खिलाफ हार जाती तो उसके लिए आगे दरवाजे लगभग बंद हो जाते। आरसीबी के खिलाड़ी इस बात से पूरी तरह परिचित थे, इसलिए जीत के बाद वे अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और खिलाड़ियों ने ड्रेसिंग रूम में जीत का जश्न मनाया। आरसीबी के कोचिंग स्टाफ ने टीम के हर एक सदस्य की सराहना की जिन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसका वीडियो आरसीबी ने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया जिसमें कैमरन ग्रीन और रजत पाटीदार जैसे खिलाड़ी जश्न में डूबे नजर आ रहे हैं।
'फाफ और कोहली सामने से कर रहे हैं नेतृत्व'
इससे पहले, आरसीबी के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने शीर्ष क्रम के खेलने के तरीके को बदलने के बारे में बात की। फ्लावर ने साथ ही आरसीबी की गेंदबाजी आक्रमकता की भी सराहना की। फ्लावर ने कहा, फाफ और विराट अपने आक्रमण खेल से सामने से टीम का नेतृत्व कर रहे हैं और टीम के शेष खिलाड़ी भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। मोहम्मद सिराज और यश दयाल नई गेंद से शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं।