महेंद्र सिंह धोनी और ऋतुराज गायकवाड़
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2024 सीजन की शुरुआत से ठीक पहले महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी छोड़ने का फैसला कर सभी को चौंका दिया था। आईपील के 17वें सीजन की शुरुआत 22 मार्च से हुई जिसके पहले मैच में गत चैंपियन सीएसके का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) से हुआ। इस मैच के ठीक एक दिन पहले सभी कप्तानों का फोटोशूट हुआ जिसमें धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड़ पहुंचे। इस फोटो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस चकित हो गए और अगले ही पल धोनी के कप्तानी छोड़ने की खबर आई। धोनी ने यह फैसला क्यों लिया इसे लेकर सभी के अपने-अपने दावे हैं, लेकिन अब इस मामले में पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने भी अपनी राय रखी और बताया कि माही ने यह फैसला क्यों लिया था।
'धोनी का यह आखिरी सीजन है'
आईपीएल में कमेंटेटर की भूमिका निभा रहे शास्त्री के अनुसार धोनी का यह आखिरी आईपीएल सीजन है। उन्होंने एक स्पोर्ट्स चैनल से बात करते हुए कहा, यह तो स्पष्ट है कि धोनी का यह आखिरी सीजन है। यह निर्भर करता है कि उनका शरीर कैसा रहता है और धोनी पूरे सीजन खेल पाते हैं या नहीं। यह सिर्फ समय ही बताएगा। मुझे लगता है कि धोनी ने खुद से कहा होगा कि मैं टूर्नामेंट के बीच में गायकवाड़ को कप्तानी नहीं सौंप सकता। मैं पीछे से देखूंगा और अगर उन्हें कोई मदद चाहिए होगी तो मैं उनकी मदद करूंगा। लेकिन मुझे लगता है कि जब धोनी ने रवींद्र जडेजा को यह भूमिका सौंपी थी तब वह पीछे ज्यादा रहे और उन्होंने काफी कम योगदान दिया। धोनी ने उन्हें स्वतंत्रता दी और मैं उन्हें खुद देखा कि वह जडेजा को कितनी छूट दे रहे थे जिससे वह खुद को साबित कर सकें और जरूरत पड़ने पर धोनी उनके साथ थे।
गायकवाड़ की कप्तानी में सीएसके को मिल रही है सफलता
जब 2022 सीजन में धोनी ने सीएसके की कमान जडेजा को सौंपी थी तो टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। जडेजा के नेतृत्व में खेले अधिकतर मैचों में टीम को हार मिली थी, लेकिन गायकवाड़ की कप्तानी में सीएसके ने 2024 सीजन की अच्छी शुरुआत की है। चेन्नई ने अपने शुरुआती दो मुकाबले जीते और उसे तीसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स से हार मिली। सीएसके की टीम फिलहाल तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक लेकर फिलहाल तालिका में दूसरे स्थान पर है।
पहली बार बल्लेबाजी के लिए उतरे और मचा दिया धमाल
कप्तानी छोड़ने के बाद धोनी इस सीजन पहली बार बल्लेबाजी के लिए उतरे और दिल्ली के खिलाफ उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित कर दिया। आठवें नंबर पर उतरे धोनी ने 16 गेंदों का सामना किया और 37 रनों की तूफानी पारी खेली। धोनी ने पहली गेंद पर चौका लगाया और कुछ मजेदार शॉट खेले। कुल मिलाकर धोनी के बल्ले से चार चौके और तीन छक्के निकले। धोनी ने इस दौरान रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर 51 रनों की साझेदारी की, लेकिन यह सीएसके को जीत दिलान के लिए काफी नहीं रही।