राजस्थान रॉयल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु
- फोटो : IPL
राजस्थान रॉयल्स की टीम जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर खेले जा रहे आईपीएल 2024 के 19वें मुकाबले में पिंक जर्सी पहनकर उतरी है। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन जब टॉस के लिए आए तो प्रेजेंटर संजय मांजरेकर ने इस बात का खुलासा किया कि राजस्थान विशेष कारणों से इस मैच में पिंक जर्सी पहनकर उतरी है। मांजरेकर ने इसके लिए टीम की सराहना भी की।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए की पहल
राजस्थान रॉयल्स की टीम पिंक प्रॉमिस के चलते गुलाबी जर्सी पहनकर आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में उतरी है। राजस्थान की टीम महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए पिंक जर्सी पहनकर मैदान में उतरी है। राजस्थान की टीम ने ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रति अपना समर्थन दिया है। इसी के तहत राजस्थान की टीम आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में पिंक जर्सी पहनकर उतरी है। राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी की इस पहल को 'औरत है तो भारत है' नाम दिया गया है। इसके अनुसार टिकटों और जर्सी से मुनाफा होता है उसे ये फ्रेंचाइजी इस पहल के लिए दान देती है। इसके जरिये ये बतान की कोशिश की गई है कि अगर औरत आगे बढ़ेगी तो देश आगे विकसित होगा।
सोलर लाइट दी गई
मैच से पहले टॉस के दौरान राजस्थान की एक महिला मौजूद रही जिसने राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन को एक सोलर लाइट दी। सैमसन और आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस इस लाइट को पकड़कर खड़े हुए। बताया जा रहा है कि आरसीबी और राजस्थान के बीच मैच में लगने वाले प्रत्येक बाउंड्री पर साम्भर क्षेत्र के छह घरों में सोलर लाइट लगाई जाएगी।
आरसीबी की तेज शुरुआत
आरसीबी और राजस्थान के बीच मैच की बात करें तो राजस्थान ने इस टूर्नामेंट में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कोहली और डुप्लेसिस ने आरसीबी को मजबूत शुरुआत दिलाई है और 13 ओवर की समाप्ति तक आरसीबी का स्कोर बिना किसी नुकसान के 115 रन हो गया था। इस दौरान कोहली ने आईपीएल के इस सीजन का अपना तीसरा अर्धशतक भी जड़ा और इसी के साथ आईपीएल में 7500 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। कोहली और डुप्लेसिस के बीच 100 रनों की साझेदारी हो गई है।