मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मैच के दौरान मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या अपने फैसले के कारण विवादों में घिर गए। हार्दिक ने गुजरात के खिलाफ टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह खुद गेंदबाजी की शुरुआत की और पहला ओवर डालने आए। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा की सलामी जोड़ी ने पहले ही ओवर में पांड्या की जमकर धुनाई की और टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
गावस्कर-पीटरसन ने उठाए सवाल
हार्दिक के खुद पहला ओवर करने का फैसला कमेंट्री बॉक्स में बैठे इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी केविन पीटरसन और पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर को भी रास नहीं आया। उन्होंने हार्दिक के इस फैसले की कमेंट्री के दौरान आलोचना की और इस मामले को लेकर दोनों दिग्गजों के बीच गहन चर्चा भी हुई। जब हार्दिक पहला ओवर करने आए तो पीटरसन ने कहा, 'जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी की शुरुआत क्यों नहीं कर रहे हैं?' इस पर गावस्कर ने पीटरसन को जवाब देते हुए कहा, 'काफी अच्छा सवाल है। बहुत ही अच्छा सवाल है।' हार्दिक का यह फैसला पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान के भी समझ से परे रहा। इरफान ने एक्स पर लिखा, बुमराह कहां हैं।
गुजरात के सामने नहीं चला मुंबई का जादू
आईपीएल 2024 के पांचवें मैच में गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को छह रन से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया। पहली पारी में शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 168 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 162 रन ही बना सकी। इस तरह हार्दिक की मुंबई के कप्तान के तौर पर शुरुआत हार के साथ हुई।
बुमराह ने किया कमाल
हार्दिक ने भले ही बुमराह से शुरुआती ओवर नहीं कराए हों, लेकिन जब कप्तान अपने इस तेज गेंदबाज को गेंद सौंपी तो उन्होंने अपने पहले ही ओवर में गुजरात को झटके दिए। गुजरात के लिए जसप्रीत बुमराह काल साबित हुए। बुमराह ने इस मैच में कुल तीन विकेट लिए और सिर्फ 14 रन ही दिए। एक समय गुजरात अच्छी स्थिति में दिख रहा था, लेकिन जैसे ही बुमराह गेंदबाजी के लिए आए उन्होंने मैच का रुख एकदम से बदलकर रख दिया। बुमराह की शानदार गेंदबाजी के कारण ही गुजरात की टीम 170 रन के आसपास ही स्कोर बना सकी। हालांकि एक समय लग रहा था कि टीम बड़ा स्कोर खड़ा करेगी, लेकिन बुमराह ने मुंबई के लिए डैमेज कंट्रोल करने में सफल रहे।