जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या
- फोटो : IPL
गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए मैच में एक अजीब घटना देखने मिली। मैच के दौरान जब मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या गेंदबाजी करने जा रहे थे उसी समय मैदान पर एक कुत्ता घुस आया। इस प्रकरण के कारण मैच कुछ समय के लिए रुका रहा। कुत्ता के घुस आने पर हार्दिक ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता वहां से दूसरी तरफ दौड़ गया। मैदान पर कुत्ता घुस आने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
यह दृश्य उस समय देखने मिला जब हार्दिक पांड्या 15वें ओवर में गेंदबाजी करने आए। वह इस ओवर की दूसरी गेंद फेंकने के लिए रन अप ले ही रहे थे कि मैदान पर कुत्ता घुस आया। यह कुत्ता मैदान के चारों ओर चक्कर काट रहा था। मुंबई के कप्तान हार्दिक ने उसे पकड़ने की काफी कोशिश की। हार्दिक बहुत देर तक कुत्ते को पकड़ने के लिए मशक्कत करते रहे, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके। कुत्ते ने काफी देर तक अन्य खिलाड़ियों को भी छकाया, लेकिन अंत में मैदानकर्मी उस कुत्ते को पकड़ने में सफल रहा। इसके बाद मैच फिर शुरू हुआ और हार्दिक अपना ओवर पूरा करने में सफल रहे।
हार्दिक हुए हूटिंग का शिकार
मुंबई के लिए खेलने उतरे हार्दिक को अहमदाबाद में हूटिंग का सामना करना पड़ा। हार्दिक मुंबई में दोबारा आने से पहले दो सीजन तक गुजरात टाइटंस के लिए खेले थे और इस दौरान उन्होंने टीम को अपनी कप्तानी में 2022 में आईपीएल का खिताब जिताया था तथा पिछले साल फाइनल में पहुंचाया था। हालांकि खिलाड़ियों की नीलामी से पहले हार्दिक को मुंबई ने गुजरात से ट्रेड किया था। गुजरात के प्रशंसक इस बात से नाराज थे और उन्होंने मैदान पर हार्दिक की हूटिंग शुरू कर दी। इसके अलावा मुंबई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के फैंस ने भी हार्दिक को निशाने पर लिया। मालूम हो कि मुंबई इंडियंस ने रोहित की जगह हार्दिक को अपना कप्तान नियुक्त किया था जिसके बाद काफी विवाद उठा था।
मुंबई की हार से शुरुआत
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की आईपीएल के 17वें सीजन में शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को पहले मैच में पिछले सीजन की उपविजेता गुजरात से हार का सामना करना पड़ा। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने मिला। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 168 रन बनाए, लेकिन जवाब में मुंबई की टीम निर्धारित ओवर में नौ विकेट पर 162 रन ही बना सकी। मुंबई को अंतिम ओवर में 19 रन बनाने थे और गुजरात के नवनियुक्त कप्तान शुभमन गिल ने तेज गेंदबाज उमेश यादव को गेंद सौंपी। उमेश ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाया और मुंबई को मैच जीतने से रोकने में सफल रहे।