मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज रोमारियो शेफर्ड ने वानखेड़े स्टेडियम पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले जा रहे आईपीएल 2024 के मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी से सभी को रोमांचित कर दिया। शेफर्ड ने दिल्ली के खिलाफ 10 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 39 रनों की पारी खेली जिसके दम पर मुंबई ने दिल्ली के सामने 235 रनों का लक्ष्य रखा। शेफर्ड ने 20वां ओवर डालने तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्त्जे की जमकर कुटाई की और उनके ओवर में चार छक्के जड़ डाले। इसके बाद हार्दिक पांड्या का रिएक्शन देखने लायक था। उन्होंने अपना सिर पकड़ लिया।
नॉर्त्जे के नाम इस सीजन का सबसे महंगा ओवर
शेफर्ड का कहर नॉर्त्जे पर इस कदर बरपा कि उनके नाम मैच के दौरान एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। शेफर्ड ने नॉर्त्जे के 20वें ओवर से कुल 32 रन जुटाए जो इस सीजन का सबसे महंगा ओवर रहा। शेफर्ड ने पहली गेंद पर चौका मारा, जबकि अगली तीन गेंदों पर छक्का जड़ा। इसके बाद पांचवीं गेंद चौके के लिए गई और अंतिम गेंद को फिर शेफर्ड ने बाउंड्री के पार भेजा।