मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आईपीएल में अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। बुमराह के टीम में होने से मुंबई का तेज गेंदबाजी आक्रमण हमेशा मजबूत नजर आता है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा का मानना है कि बुमराह का गेंदबाजी एक्शन जिस तरह का है उसमें गेंद डालते वक्त उनके कंधे पर काफी जोर पड़ता है और उन्हें दो महीने तक चलने आईपीएल के दौरान इसे लेकर सावधानी बरतनी होगी।
बुमराह पिछले साल चोट के कारण आईपीएल के पूरे सीजन से बाहर रहे थे। हालांकि उन्होंने मैदान पर दमदार वापसी की थी और सभी प्रारूपों में भारत के नंबर एक तेज गेंदबाज बने थे। बुमराह अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं और मुंबई इंडियंस को उम्मीद है कि फ्रेंचाइजी को आईपीएल के 17वें सीजन में बुमराह की सेवाएं पूर्ण रूप से मिलेंगी।
'बुमराह के लिए ब्रेक जरूरी'
मैक्ग्रा ने कहा, मुझे लगता है कि बुमराह जैसे गेंदबाजों के लिए ब्रेक जरूरी है क्योंकि उन्हें हर गेंद डालने में काफी मेहनत करनी पड़ती है। आप देख सकते हैं कि गेंदबाजी करते वक्त उनके शरीर पर काफी दबाव होता है। अगर बुमराह लगातार खेलते रहेंगे तो उनकी गेंदबाजी एक्शन की ताकत कम हो जाएगी और इससे वह चोटिल भी हो सकते हैं। बुमराह के साथ ऐसा पहले भी हो चुका है। बुमराह काफी अनुभवी खिलाड़ी हैं और उन्हें पता है कि किस तरह खुद को मैनेज करना है। यह अब पूरी तरह उन पर निर्भर है, लेकिन मजबूती बरकरार रखने के लिए उन्हें ब्रेक की जरूरत है।
'हमेशा खतरनाक रहे हैं स्टार्क'
मैक्ग्रा ने नौ साल बाद आईपीएल में वापसी कर रहे तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क के लिए कहा, मुझे लगता है कि स्टार्क को खेल का छोटा प्रारूप सूट करता है। अगर गेंद मूव करती है तो वह उसी अटैकिंग लाइन और लैंथ पर गेंद डालते हैं। जब वह अपनी लय में होते हैं तो हमेशा ही खतरनाक साबित होते हैं। जब स्टार्क रडार में रहते हैं तो वह बेहतरीन तरीके से गेंद को स्विंग कराते हैं। इससे पहले उन्होंने आईपीएल में नहीं खेलना चुना था और वह अन्य चीजों पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे। यह दिखाता कि वह कितने स्मार्ट खिलाड़ी हैं।