आईपीएल 2024 का सीजन शुरू हो चुका है और सभी टीमों ने लगभग अपने आधे मैच खेल लिए हैं। अगले सीजन के लिए मेगा नीलामी होनी है, लेकिन उससे पहले ही इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने एक बड़ा दावा किया है। वॉन का मानना है कि मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अगले साल से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि ऋतुराज गायकवाड़ शायद सिर्फ सीजन ही सीएसके की कप्तानी करेंगे।
'धोनी का सही विकल्प होंगे रोहित'
वॉन ने कहा कि रोहित शर्मा धोनी के सही विकल्प हो सकते हैं। वॉन का कमेंट उस वक्त सामने आया है जब धोनी के आईपीएल करियर को लेकर कई तरह की चर्चा चल रही है। माना जा रहा है कि धोनी का यह आखिरी आईपीएल है और इसके बाद वह इस टूर्नामेंट को अलविदा कह देंगे। मालूम हो कि आईपीएल 2024 सीजन की शुरुआत से पहले धोनी ने सीएसके की कप्तानी छोड़ दी थी और उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ ने टीम की कमान संभाली थी। गायकवाड़ की कप्तानी में सीएसके का इस सीजन प्रदर्शन ठीक रहा है और टीम ने अबतक पांच में से तीन मुकाबले जीते हैं।
क्या रोहित की भी होगी हूटिंग?
वॉन ने एक पॉडकास्ट में कहा, मुझे लगता है कि रोहित चेन्नई जाएंगे और धोनी को रिप्लेस करेंगे। ऋतुराज इस साल उनकी जगह भूमिका निभा रहे हैं। हो सकता है रोहित अगले साल यह रोहित करते दिख सकते हैं। मैं उन्हें चेन्नई में देखता हूं। अगर वह चेन्नई के कप्तान बनते हैं और मुंबई आते हैं तो क्या उनकी हूटिंग की जाएगी?
रोहित की जगह हार्दिक को मिली थी कमान
मुंबई इंडियंस ने इस सीजन से पहले रोहित की जगह हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंपी थी। हार्दिक लंबे समय तक मुंबई के लिए खेल चुके हैं, लेकिन 2022 सीजन के लिए वह गुजरात टाइटंस से जुड़े थे और उन्होंने अपनी कप्तानी में गुजरात को ट्रॉफी दिलाई थी। हालांकि मुंबई ने इस सीजन के लिए पिछले साल हुई खिलाड़ियों की नीलामी से पहले ही हार्दिक को मुंबई में शामिल करा लिया था और रोहित की जगह उन्हें कप्तानी सौंपी थी। मुंबई के इस फैसले का काफी विरोध हुआ क्योंकि रोहित के फैंस इस बात से नाराज थे कि टीम ने पांच बार अपनी कप्तानी में टीम को विजेता बनाने वाले रोहित की जगह हार्दिक को कप्तानी सौंपी। आईपीएल के मौजूदा सीजन में कई बार हार्दिक हूटिंग का भी शिकार हुए हैं।
वॉन ने हार्दिक की हूटिंग करने की निंदा की
वॉन ने कहा कि वह उम्मीद कर रहे थे कि रोहित कम से कम इस सीजन तक मुंबई की कमान संभालेंगे, लेकिन हार्दिक की हूटिंग करना सही नहीं है। उन्होंने कहा, हार्दिक कठिन समय से गुजर रहे हैं और यह उनकी गलती नहीं है। उन्हें मुंबई इंडियंस में दोबारा बुलाया गया था। कौन इस बात के लिए मना करेगा? हार्दिक को वो काम सौंपा गया जिसे हर भारतीय क्रिकेटर करना चाहेगा। मैं निजी तौर पर रोहित को चाहता था। हार्दिक का मुंबई में वापस आना पहले ही उनके लिए दबाव भरा था। सही फैसला यह होता कि रोहित को कप्तान बनाए रखते और हार्दिक को अगले साल या इसके बाद कप्तान बनाते। लेकिन हूटिंग करना मुझे कहीं से भी समझ नहीं आया। जब उन्हें गुजरात में बू किया गया तो मैं वहीं था, लेकिन इसके बाद वह हैदराबाद गए और फिर वानखेड़े आए जहां मुंबई के फैंस ने हार्दिक की हूटिंग की। मुझे यह बिलकुल समझ नहीं आया। भारतीय क्रिकेट फैंस को यह समझना होगा कि टी20 विश्व कप जीतने के लिए उन्हें हार्दिक की जरूरत पड़ेगी। हार्दिक के रहने से भारत इस वैश्विक टूर्नामेंट में जीत का दावेदार रहेगा।