अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में पासीघाट के विधायक निनॉन्ग एरिंग सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। दरअसल, एरिंग का वाहन एक दूसरे वाहन से टकरा गया था, जिसमें उन्हें मामूली चोटें आई हैं। पासीघाट उपविभागीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक वाहन भाजपा पार्टी कार्यालय की तरफ से आया और विधायक के वाहन को टक्कर मारकर निकल गया।
ओडिशा के सरकारी स्कूल की महिला शिक्षक निलंबित
ओडिशा के बौध में सरकारी स्कूल की एक महिला शिक्षक को कथित तौर पर एक चुनावी रैली में शामिल होने के लिए जिला चुनाव अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। महिला शिक्षक पर आरोप है कि उन्होंने दो दिन पहले ईसीआई नियमों का उल्लंघन करते हुए पलासपत से अंबागांव तक एक राजनीतिक रैली में भाग लिया था। ओडिशा सरकारी सेवक आचरण नियम- 1959 के अनुसार कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी भी राजनीतिक गतिविधियों में भाग नहीं ले सकता हैं। बौध जिला निर्वाचन अधिकारी जे सोनल द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि महिला शिक्षक का निलंबन तुरंत प्रभाव से लागू होगा।
केरलः पीएम मोदी के खिलाफ की आपत्तिजनक पोस्ट, केस दर्ज
केरल पुलिस ने सोशल मीडिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने पर एक शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि लोकसभा चुनाव से पहले नबील नसर नामक व्यक्ति ने जानबूझकर पीएम की छवि खराब करने के इरादे से उनके खिलाफ फर्जी बयान दिए थे। इससे राजनीतिक पार्टियों के बीच तनाव पैदा हुआ था।
एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता ने इस संबध में बृहस्पतिवार को शिकायत दी थी, जिसके आधार पर पालोड पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने कहा, नसर के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 और 171 जी और केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120 ओ के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पश्चिम बंगाल चुनाव में हिंसा, हंगामा और बवाल की लगातार खबरें सामने आ रही हैं। अब मामला बहरामपुर लोकसभा सीट से सामने आया है। कांग्रेस ने इस सीट से अधीर रंजन चौधरी को मैदान में उतारा है। वह चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवाओं ने उनके काफिले को रोककर वापस जाओ को नारे लगाए। इस दौरान अधीर रंजन चौधरी भड़क गए और एक शख्स से भिड़ गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
केंद्रीय मंत्री और संबलपुर से भाजपा के उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, नेताजी के जन्मस्थान और ओडिशा के सांस्कृतिक केंद्र, कटक से मोदी विजय अभियान शुरू किया गया है। आज कई नए लोग हमारे साथ जुड़े हैं। बीजद छात्र आंदोलन का हिस्सा रहे कई छात्र भी हमारे साथ जुड़े। हम ओडिशा में सभी 21 सीटें जीतेंगे और ओडिशा में डबल इंजन की सरकार भी बनेगी।
पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा के पश्चिम त्रिपुरा लोकसभा क्षेत्र में ड्यूटी पर लापरवाही के दोषी पाए जाने पर दो और पुलिस अधिकारियों को निर्वाचन आयोग ने शनिवार को निलंबित कर दिया। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने बयान में कहा, पश्चिम त्रिपुरा पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण कुमार ने सब इंस्पेक्टर दीपांकर देबनाथ और पुलिस कांस्टेबल बिपिन सेन चकमा के निलंबन का आदेश जारी कर दिया है।