रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक आईपीएल में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ आईपीएल 2024 के पहले मैच के दौरान भी अपनी क्षमता की झलक दिखाई। मैच के बाद कार्तिक ने हालांकि इस टूर्नामेंट से संन्यास लेने के संकेत भी दिए। कार्तिक ने कहा कि शायद यह उनका चेपॉक मैदान पर अंतिम मैच हो सकता है। कार्तिक शुरुआत से ही आईपीएल का हिस्सा रहे हैं और उन्होंने छह टीमों का प्रतिनिधित्व किया है। कार्तिक कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान भी रहे हैं।
कमेंट्री पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं
आईपीएल के 17वें सीजन की शुरुआत से पहले ही ऐसी खबरें आई थी कि कार्तिक का आईपीएल का यह अंतिम सत्र है। माना जा रहा है कि कार्तिक कमेंट्री करने पर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज के दौरान कार्तिक कमेंट्री कर रहे थे और आईपीएल की तैयारी के चलते उन्होंने बीच में ही कमेंट्री छोड़ दी थी। हालांकि उनके बयान से स्पष्ट है कि कार्तिक अब संन्यास लेने के बारे में गंभीरता से सोच रहे हैं।
'प्लेऑफ में नहीं पहुंचे तो यह अंतिम मैच था'
सीएसके के खिलाफ मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब कार्तिक से पूछा गया कि क्या चेपॉक पर यह उनका अंतिम मैच है। कार्तिक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्लेऑफ के लिए वह यहां आएंगे और उन्होंने इसकी उम्मीद भी की। कार्तिक ने कहा, यह अच्छा सवाल है। ईमानदारी से कहूं तो मैं चाहूंगा कि ऐसा ना हो क्योंकि हो सकता है कि चेपॉक प्लेऑफ मैच की मेजबानी करे। अगरे मैं इसके लिए यहां आया तो वो मेरा अंतिम मैच होगा, लेकिन अगर हम ऐसा नहीं कर सके तो शायद मैं चेपॉक पर अंतिम मैच खेल चुका हूं।
आरसीबी को मुसीबत से उबारा
सीएसके के खिलाफ पहले मैच में आरसीबी की हालात एक समय अच्छी नहीं थी। उस वक्त कार्तिक ने अनुज रावत के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 50 गेंदों पर 95 रनों की साझेदारी कर टीम को मुसीबत से उबारा। कार्तिक ने 26 गेंदों पर नाबाद 38 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। रावत और कार्तिक की शानदार पारियों की मदद से ही आरसीबी 173 रन बनाने में सफल रहा था। हालांकि चेन्नई के सामने यह लक्ष्य बौना साबित हुआ और गत चैंपियन टीम ने छह विकेट से इस मैच को जीता।