फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2024: अभिषेक आईपीएल के नए 'सिक्स मास्टर', इस सीजन लगा चुके 41 छक्के, विराट का आठ साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

Sun, 19 May 2024 07:38 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

सार

अभिषेक ने पारी के दौरान चौथा छक्का लगाते ही विराट का रिकॉर्ड तोड़ दिया। किसी भारतीय द्वारा आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड विराट के ही नाम था।
विज्ञापन
अभिषेक शर्मा - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2024 में रविवार को आखिरी डबल हेडर के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा का बल्ला एकबार फिर चला। उन्होंने 21 गेंद में आईपीएल करियर का सातवां अर्धशतक जड़ा। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 214 रन बनाए थे। जवाब में हैदराबाद को पारी की पहली ही गेंद पर ट्रेविस हेड के रूप में पहला झटका लगा। हालांकि, अभिषेक ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी। वह 28 गेंद में पांच चौके और छह छक्के की मदद से 66 रन बनाकर आउट हुए। इन छह छक्कों के साथ ही अभिषेक ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय के विराट कोहली के आठ साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 
विज्ञापन

अभिषेक ने तोड़ा विराट का रिकॉर्ड
अभिषेक ने पारी के दौरान चौथा छक्का लगाते ही विराट का रिकॉर्ड तोड़ दिया। किसी भारतीय द्वारा आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड विराट के ही नाम था। उन्होंने 2016 सत्र में 38 छक्के लगाए थे। अब अभिषेक के नाम आईपीएल 2024 में 41 छक्के हैं। यह टीम प्लेऑफ के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है। ऐसे में अभिषेक का यह रिकॉर्ड और बढ़ सकता है। वहीं, विराट भी अपने 2016 वाले रिकॉर्ड को तोड़ने की दहलीज पर खड़े हैं। वह इस सीजन अब तक 37 छक्के लगा चुके हैं और अपने पुराने रिकॉर्ड को सुधारने की दहलीज पर हैं। दो छक्के लगाते ही विराट अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। आरसीबी ने शनिवार को चेन्नई को हराकर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया था। ऐसे में विराट के पास अभी मौके हैं।

विज्ञापन

अभिषेक ने 41 छक्कों के लिए 223 गेंदें खेलीं
विराट ने इस सीजन 37 छक्कों के लिए 455 गेंदें खेली हैं। वहीं, अभिषेक ने 41 छक्कों के लिए 223 गेंदें खेली हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर विराट के साथ ऋषभ पंत हैं। उन्होंने 2018 में दिल्ली से खेलते हुए एक सीजन में 37 छक्के लगाए थे। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के शिवम दुबे ने 2023 में 35 छक्के लगाए थे। वह लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। इस सीजन सबसे ज्यादा छक्के (41) लगाने का रिकॉर्ड भी फिलहाल अभिषेक के नाम ही है। वह इस सीजन अब तक 13 पारियों में 209 के स्ट्राइक रेट से 467 रन बना चुके हैं। वहीं, विराट दूसरे, निकोलस पूरन 36 छक्कों के साथ तीसरे, हेनरिक क्लासेन 33 छक्कों के साथ चौथे और सुनील नरेन 32 छक्कों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। 

SRH के लिए एक आईपीएल सीजन में सर्वाधिक छक्के

बल्लेबाज छक्के साल
अभिषेक शर्मा 41 2024
हेनरिक क्लासेन 33 2024
डेविड वार्नर 31 2016
ट्रैविस हेड 31 2024
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें